Independence Day : स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी दिल्ली की सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी कमर कस ली है। संवेदनशील इलाकों के साथ-साथ सड़कों पर संदिग्ध और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में डीसीपी ट्रैफिक (नॉर्दर्न रेंज) राजीव कुमार अंबास्ता की निगरानी में ब्लैक फिल्म लगे वाहनों और बिना नंबर प्लेट चल रही गाड़ियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।
डीसीपी ट्रैफिक राजीव कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान एसीपी राजेश कुमार के नेतृत्व में टीआई (मॉडल टाउन) संजीव कुमार खुद सड़क पर मौजूद रहे और टीम के साथ संदिग्ध वाहनों की जांच करते नजर आए। पुलिस टीम ने ऐसे वाहनों को विशेष रूप से जांच के लिए रोका, जिनके शीशों पर नियमों के विपरीत काली फिल्म लगी हुई थी या जिन पर नंबर प्लेट नहीं थी। संजीव कुमार और उनकी टीम सराय पीपल थला इलाके में इस अभियान के दौरान वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी करते हुए नजर आए।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे वाहन के शीशों पर प्रतिबंधित काली फिल्म न लगाएं और बिना नंबर प्लेट वाहन न चलाएं। अभियान का उद्देश्य सिर्फ चालान या वाहन जब्त करना नहीं, बल्कि नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी है। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर आने वाले दिनों में भी इस तरह की चेकिंग जारी रहेगी। खासतौर पर भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों, प्रमुख सड़कों और संवेदनशील मार्गों पर संदिग्ध वाहनों की निगरानी बढ़ाई जा रही है।



Download Android App
Download iOS App




