हैदराबाद में तेज रफ्तार SUV कार ने 3 वाहनों को रौंदा, रिटायर्ड फौजी की मौत, 3 लोग घायल

Summary :

हैदराबाद में सोमवार सुबह नरसिंगी पुलिस स्टेशन इलाके में एक तेज रफ्तार SUV ने हिट-एंड-रन की घटना को अंजाम दिया। गलत साइड से आ रही SUV ने पहले एक पूर्व सूबेदार रविंदर की स्कूटी को टक्कर मारी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हैदराबाद में सोमवार को तेज रफ्तार SUV का कहर देखने को मिला। यहां तेज रफ्तार SUV ने एक के बाद एक तीन दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी चला रहे एक रिटायर्ड जवान की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह हिट-एंड-रन की घटना नरसिंगी पुलिस स्टेशन इलाके में एक स्कूल के पास हुई।

पूर्व जवान की मौत

जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 5:30 बजे की है। SUV कार गलत साइड से आ रही थी। तभी उसने स्कूटी चला रहे सेना के एक पूर्व जवान को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक सैन्यकर्मी की पहचान पूर्व सूबेदार रविंदर के रूप में हुई है।

अन्य वाहनों को भी मारी टक्कर

यह गाड़ी सिर्फ यहीं नहीं रुकी बल्कि आगे जाकर इसने अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी , जिनमें रैपिडो टू-व्हीलर पर सवार दो लोग भी शामिल थे। जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं।

हादसे के बाद गाड़ी छोड़कर फरार हुए आरोपी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना को अंजाम देने वाली SUV कार में पांच युवक सवार थे। हादसा होने के बाद वह अपनी कार छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पूर्व सैनिक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

शराब के नशे में थे आरोपी

शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गाड़ी शमशाबाद एयरपोर्ट इलाके के रहने वाले बाबू गौड़ की थी। हादसे के बाद गाड़ी में सवार पांचों युवक उसे मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। पुलिस के मुताबिक, ये युवक शराब के नशे में थे। पुलिस ने पूर्व जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया जनरल अस्पताल भेज दिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Also Read: मुंगेर थाने के अंदर से रातों-रात गायब हुआ 18 चक्का ट्रक! 11 लाख का था जुर्माना, पुलिस की कस्टडी से ले उड़े चोर?

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।