हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का खुलासा

Summary :

हनी ट्रैप में धनी लोगों को फंसाकर उनसे करोड़ों वसूलने वाले दो शातिरों को दिल्ली स्पेशल सेल की टीम ने गिरफ्तार करते हुए बड़े रैकेट का खुलासा किया।

नई दिल्ली : हनी ट्रैप में धनी लोगों को फंसाकर उनसे करोड़ों वसूलने वाले दो शातिरों को दिल्ली स्पेशल सेल की टीम ने गिरफ्तार करते हुए हनी ट्रैप के बड़े रैकेट का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी नूर मजहार उर्फ अस्लम (38) और महेन्द्र (33) अपने गिरोह में शामिल युवती के सहारे पहले तो धनी लोगों को अपने झांसे फंसाते थे और बाद में युवती के साथ उनकी आपत्तिजनक वीडियो व फोटो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करते थे। अब तक 9 लोगों से करोड़ों की वसूली कर चुके आरोपियों की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था। ​हालांकि गिरोह में शामिल आरोपी युवती मेंशामिल अभी पुलिस गिरफ्त से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

ऐसे हुई गिरफ्तारी… स्पेशल सेल की टीम ने उक्त मामले में एसीपी अतर सिंह की निगरानी में व इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह के नेतृत्व में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की और 11 अप्रैल को एक गुप्त सूचना के आधार पर नेहरु प्लेस इलाके से आरोपी नूर गिरफ्तार कर लिया। बाद में नूर की निशानदेही पर आरोपी महेन्द्र को भी ओखला मंडी से गिरफ्तार कर लिया गया।

एक साल से चल रहा था गोरखधंधा… आरोपियों से पूछताछ के दौरान पता चला कि इस गिरोह दोनों आरोपी तीन अन्य लोगों की मदद से पिछले एक साल से चला रहे थे। इस पूरे गिरोह का सरगना जहांगीर नामक शख्स बताया जा रहा है फिलहाल फरार है। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए जामीया नगर इलाके में किराए पर मकान ले रखा था, जहां सेट टॉप बॉक्स में गुप्त तरीके से कैमरे लगाए गए थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने उक्त मकान में छापेमारी कर कैमरे आदि भी बरामद किए हैं।

ऐसे हुआ रैकेट का खुलासा… स्पेशल सेल पुलिस उपायुक्त प्रमोद ​सिंह कुशवाहा ने बताया कि स्पेशल सेल की टीम को हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैक करने के संदर्भ में शिकायत मिली थी। शिकायत पर छानबीन करने के दौरान स्पेशल सेल को पता चला कि दक्षिण दिल्ली के एक प्रतिष्ठित डॉक्टर ने गत 2018 के अक्टूबर में जामिया नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें पीड़ित डॉक्टर ने बताया था कि वे कई चैरिटेबल अस्पताल में भी अपनी सेवाएं देते हैं। गत अक्टूबर माह में ही एक चैरिटेबल अस्पताल में इलाज के लिए पहुंची युवती ने उनसे जान-पहचान करते हुए कई बार डॉक्टर से मिलने आई।

युवती ने डॉक्टर को अपने खराब तबीयत का हवाला देते हुए जामीया नगर स्थित अपने किराए के मकान में बुलाया। आरोप है कि डॉक्टर के जूस में कामोत्तेजक दवा मिलकर युवती ने जबरन डॉक्टर के साथ शरीरिक संबंध बनाए और डॉक्टर की आपत्तिजनक स्थिति में कमरे में लगे कैमरे से वीडियो बना ली। जिसके बाद नूर और महेन्द्र ने डॉक्टर को वीडियो का हवाला देते हुए 20 लाख रुपए की मांग की और नहीं देने पर वीडियो को सोशल साइट पर वायरल करने की धमकी दे डाली।

Desk Team