प्लास्टिक के खिलाफ अभियान तेज करते हुए एसडीएमसी ने रविवार को चिराग दिल्ली में ‘भंडारा’ आयोजित करने वालों पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने कहा कि भंडारे में प्लास्टिक की सामग्री का इस्तेमाल करने और वहां कूड़ा फैलाने के लिए जुर्माना लगाया गया।
दक्षिण दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के मुताबिक लोगों से एकल इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक का उपयोग बंद करने की मुहिम चला रहा है।
निगम ने बयान जारी कर कहा, ‘‘एसडीएमसी के दक्षिण जोन ने आज कड़ा कदम उठाया और एक ‘भंडारे’ के आयोजकों पर थर्मो प्लास्टिक सामग्री का इस्तेमाल करने और चिराग दिल्ली के उस स्थान पर कूड़ा फैलाने के लिए 50 हजार रुपये का चालान किया।’’
बयान में बताया गया कि फील्ड कर्मचारियों ने पाया किया आयोजकों ने ‘‘प्रयोग में लायी गई प्लेटों को इकट्ठा करने और उनके निस्तारण की व्यवस्था नहीं की और पास के मैदान में उसे फैला दिया।’’
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत फील्ड कर्मचारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे नजर बनाए रखें और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के मुताबिक काम करें।’’


Download Android App
Download iOS App



