नयी दिल्ली : पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन क्षेत्र में एक व्यक्ति को एक ही पंजीकरण संख्या कथित रूप से दो कारों पर इस्तेमाल करने के लिए गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि पुलिस ने यह सूचना मिलने के बाद आरोपी के मकान पर छापा मारा कि क्षेत्र में एक व्यक्ति एक ही पंजीकरण संख्या का इस्तेमाल एक ही कंपनी और रंग की दो कारों पर कर रहा है।
पुलिस ने बताया कि कारें मकान के बाहर खड़ी मिलीं और मालिक परमिंदर सिंह इस बारे में पूछे जाने पर कोई संतोषजनक जवाब देने में असफल रहा। पुलिस उपायुक्त (पीसीआर) शरत सिन्हा ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 482 और 420 के तहत राजौरी गार्डेन पुलिस थाने में एक मामला दर्ज कर लिया गया है और मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान मालिक ने खुलासा किया कि उसने एक कार एक बैंक से कर्ज लेकर खरीदी थी लेकिन वह उसे चुका नहीं पाया। बैंक कहीं कार को जब्त न कर ले उसने उसका पंजीकरण संख्या उस कार से बदल दी जो उसके पास पहले से थी। अधिकारी ने बताया कि मालिक ने केवल पंजीकरण संख्या बदली है, चेसिस नम्बर अलग अलग है।


Download Android App
Download iOS App



