Union Minister will Be On Punjab-Haryana Tour : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय शिक्षा तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय एवं नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी 14 अगस्त को पंजाब दौरे पर रहेंगे। यह दौरा सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीकी पारदर्शिता और खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था की मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी विशिष्ट अतिथि होंगे
शिवराज सिंह चौहान 14 अगस्त को सुबह दिल्ली से चंडीगढ़ के लिए रवाना होकर चंडीगढ़ स्थित टैगोर थिएटर में, सुबह 11 बजे पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में, मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) व्यवस्था की शुरुआत करेंगे जिससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अनाज व अन्य लाभों का भुगतान और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से लाभार्थियों तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी विशिष्ट अतिथि होंगे।
वहीं, केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री निमुबेन जयंतीभाई बंभणिया भी उपस्थित रहेंगी। चंडीगढ़ के कार्यक्रम के बाद मंत्रीगण दोपहर 2 बजे अजीजपुर गांव में किसानों से सीधा संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का उद्देश्य जमीन पर काम कर रहे किसानों से सीधे फीडबैक लेकर नीतियों को और व्यावहारिक एवं किसान–केंद्रित बनाना है।
किसानों से सीधा संवाद करेंगे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान
इस दिशा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान हर राज्य में प्रवास के दौरान किसानों से सीधा संवाद करते हैं। तत्पश्चात, 4:30 में केंद्रीय मंत्री हरियाणा के कैथल जिले के धांड स्थित भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के साइलो का निरीक्षण करेंगे। यहां वे खाद्यान्न भंडारण क्षमता, गुणवत्ता प्रबंधन, आधुनिक साइलो प्रणाली और राज्यों में सप्लाई चेन की स्थिति की समीक्षा करेंगे ताकि पीडीएस के तहत अनाज वितरण और अधिक सुव्यवस्थित व वैज्ञानिक बनाया जा सके।



Download Android App
Download iOS App




