दिल्ली में रविवार सुबह हुई बारिश से लोगों को जगह-जगह जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ा। इस बीच मिंटो रोड पर एक टेंपो ड्राइवर का शव मिला। मृतक व्यक्ति टाटा मैजिक का ड्राइवर बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक ड्राइवर की मौत डूबने से हुई है।
पुलिस ने बताया कि 56 वर्षीय कुंदन कुमार टाटा ऐस (टेंपो) लेकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की तरफ से कनॉट प्लेस की तरफ जा रहा था। बारिश के करण मिंटो ब्रिज के नीचे पानी भरा था। चालक ने पानी से अपने वाहन को निकालने की कोशिश की लेकिन निकल नहीं पाया और पानी में डूब गया। उन्होंने कहा कि चालक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट का निशान नहीं है।

इस घटना पर उत्तरी दिल्ली के मेयर जय प्रकाश ने दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, इस तरह की घटनाएं तब तक होती रहेंगी जब तक कि दिल्ली सरकार अपने गैरजिम्मेदाराना रवैये से मुक्त नहीं हो जाती। सीएम को जिम्मेदारी लेनी चाहिए और मृतक के परिजनों के लिए एक अनुग्रह राशि की घोषणा करनी चाहिए। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
.jpg)
वहीं आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि चालक अपने वाहन को सड़क के जलभराव वाले इलाके से बाहर निकालने की कोशिश कर रहा था, जिससे उसकी मौत हो गई। जलभराव से निपटने के लिए एमसीडी, पीडब्ल्यूडी और जल बोर्ड जैसी कई एजेंसियां हैं, जिससे यह पता लगाना मुश्किल है कि किसी विशेष स्थान पर जलभराव के लिए कौन जिम्मेदार है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक कुंदन उत्तराखंड के पिथौरागढ़ का रहने वाला है। वह यहां शंकर मार्किट स्थित टैक्सी स्टैंड के पास रहता था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां है।दिल्ली में हुई बारिश से कई सड़कों और अंडरपास में पानी भर गया है, जिसके कारण कई वाहन फंस गए है।


Download Android App
Download iOS App



