जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्रसंघ के चुनाव के लिए मतदान जारी है जहां विभिन्न पदों के लिए 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान दो चरणों में- सुबह 9:30 से दोपहर 1 बजे तक और अपराह्न 2:30 से शाम 5:30 बजे तक संपन्न होगा। मतगणना रात 9 बजे शुरू होगी और परिणाम रविवार को घोषित होने की संभावना है।
मतदान जारी रहने के बीच विभिन्न राजनीतिक संगठनों के समर्थक मतदान केंद्रों के बाहर जमा हैं और नारेबाजी कर रहे हैं। अध्यक्ष पद के लिए किस्मत आजमा रहीं एसएफआई की आशी घोष ने कहा, “हमें सभी चार पदों पर कब्जा बरकरार रहने का भरोसा है। बाहर लोग कुछ भी कह सकते हैं लेकिन जेएनयू के लोग पूरे विवेक से उस सोच को देख पा रहे हैं जिसे विकास के नाम पर देश में थोपा जा रहा है।”

स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की सदस्य आशी को वाम दलों के छात्र संगठनों के संयुक्त उम्मीदवार के तौर पर उतारा गया है। निर्वाचन दल के एक सदस्य ने कहा, “चुनाव अधिकारियों ने मतदान के लिए सभी बंदोबस्त किये हैं जिसमें 8700 छात्र मतपत्रों से अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं।” ‘जय भीम’, ‘लाल सलाम’, ‘वंदे मातरम’ के नारों के बीच और थोड़ी तनातनी के माहौल में बुधवार देर रात जेएनयू परिसर में प्रेसीडेंशियल डिबेट का आयोजन किया गया।


Download Android App
Download iOS App



