नई दिल्ली : राजधानी के निजी स्कूलों में सामान्य वर्ग से प्रवेश स्तर की कक्षाओं नर्सरी, केजी और पहली में दाखिला प्रक्रिया अपने अंतिम चरण पर है। दाखिला के आवेदन फार्म जमा करवाने के लिए अभिभावकों के पास 7 जनवरी तक का समय है। इसके बाद ईडब्ल्यूएस के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी। ऐसे में ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभिभावक अभी से ही बच्चों के दाखिले के लिए परेशान नजर आ रहे हैं। अभिभावकों के मन में सबसे बड़ा सवाल दाखिला मानदंड को लेकर है।
क्या ईडब्ल्यूएस वर्ग के बच्चों के दाखिले के लिए भी सामान्य वर्ग के लिए तय दाखिला मानदंडों को अपनाया जाएगा? इसको लेकर अभिभावक असमंजस की स्थिति में हैं। फिलहाल सामान्य वर्ग के दाखिले के लिए अधिकतर निजी स्कूलों द्वारा सिबलिंग, गर्ल चाइल्ड या फर्स्ट बॉर्न, सिंगल पेरंट, एल्यूमिनी और नेबरहुड मानदंड को अपनाया जा रहा है। वहीं कुछ स्कूलों में ऐसे दाखिला मानदंडों को भी प्राथमिकता दी जा रही है, जिन्हें शिक्षा निदेशालय की ओर से अमान्य घोषित किया जा चुका है। ऐसे में अभिभावक ईडब्ल्यूएस दाखिले को लेकर चिंतित दिख रहे हैं।
शिक्षा निदेशक संजय गोयल के मुताबिक ईडब्ल्यूएस के लिए किसी भी प्रकार के दाखिला मानदंड तय नहीं होते हैं। पहले ड्रॉ निकाले जाएंगे और इसके बाद अभिभावक दाखिले के लिए आवेदन करेंगे। संजय गोयल ने यह भी बताया कि 7 या 8 जनवरी को ईडब्ल्यूएस दाखिला संबंधी सर्कुलर जारी किया जाएगा, जिसमें दाखिले को लेकर गाइडलाइंस उपलब्ध कराई जाएंगी। निजी स्कूलों और अभिभावकों को इसके मुताबिक दाखिले करने होंगे।


Download Android App
Download iOS App



