दक्षिणी दिल्ली : एक नौंवी कक्षा के छात्र ने अपने सहपाठियो सहित चार लड़कों के खिलाफ कुकर्म करने का आरोप लगाया है। मामले की सूचना उत्तम नगर थाना पुलिस को मिलने के बाद संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को मंगलवार को एक सरकारी स्कूल की तरफ से कुकर्म किए जाने की शिकायत दी गई थी। स्कूल की तरफ से बताया गया कि पीड़ित छात्र स्कूल में आरोपी छात्र के साथ झगड़ा कर रहा था और जब एक शिक्षक ने झगड़ा करने का कारण पूछा, तो बच्चे ने पूरी कहानी सुनाई। इसके बाद पूरे मामले की सूचना प्रधानाचार्य को दी गई और घटना पुलिस के संज्ञान में आई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, छात्र के मेडिकल के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दो बच्चे स्कूल के छात्र हैं, जबकि दो बच्चे ड्रापआउट हैं। पीड़ित छात्र ने आरोप लगाते हुए कहा कि चारों लड़के पिछले दो साल से उसके साथ गलत काम कर रहे हैं।
सोमवार को एक शिक्षक ने उन लड़कों को पीड़ित छात्र की पिटाई करते हुए देखा और जब कारण पूछा गया तो शिक्षक के होश उड़ गए। इसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, स्कूल के आसपास ही पार्क व अन्य सुनसान इलाकों में बच्चे के साथ कुकर्म की बात सामने आई है, हालांकि अभी पुलिस जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पुलिस भागे हुए आरोपी की तलाश कर रही है और टीम का गठन कर छापेमारी की जा रही है। पुलिस को शक है कि आरोपी अपने गांव गया होगा।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।


Download Android App
Download iOS App



