एक बार फिर मोदी सरकार के लिए वॉर रूम में महिला ब्रिगेड

Summary :

वॉर रूम में तैनात महिला बिग्रेड पर यह बात एकदम सटीक बैठती है। अपनी पैनी निगाहें और सूझ-बूझ के साथ फिर एक बार मोदी सरकार के लिए तत्पर है।

नई दिल्ली : कोई भी देश या संगठन तरक्की के शिखर पर तब तक नहीं पहुंच सकता, जब तक उसकी महिलाएं कंधे से कंधा मिलाकर ना चले। दिल्ली भाजपा के शाहदरा जिले के वॉर रूम में तैनात महिला बिग्रेड पर यह बात एकदम सटीक बैठती है। अपनी पैनी निगाहें और सूझ-बूझ के साथ फिर एक बार मोदी सरकार के लिए तत्पर है। अपने गृहस्थ जीवन में से ये महिलाएं हर छह से आठ घंटे निकालकर भाजपा के लिए काम कर रही हैं। किसी ने फोन संभाल रखा तो कोई फेसबुक और िट्वटर के जरिए मोदी सरकार की उपलब्धियां गिना रहा है। इन्हें ना किसी प्रत्याशी से मतलब ना पद से।

इनका एक ही लक्ष्य है कमल खिलाना। जिले के अध्यक्ष राम किशोर शर्मा का कहना है कि जिले का महिला मोर्चा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के मूल मंत्र को लेकर काम कर रहा है। डॉ.मुखर्जी ने कहा था जो भी कार्य प्रारंभ करो, गंभीरता से पूर्ण करो और तब तक संतुष्ट न हो, जब तक अपना श्रेष्ठ न दे दो। महिलाएं स्वेच्छा से आकर पार्टी के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ कार्य करने में जुटी हैं। जिला उपाध्यक्ष सनरिका शर्मा झा ने बताया कि सोशल मीडिया आजकल लोगों को जोड़ने का सबसे बड़ा माध्यम है। इसी के तहत कुछ महिलाओं ने फेसबुक का काम संभाल रखा है। वह लोगों को उज्ज्वला योजना, जन-धन योजना जैसे कामों की जानकारी देती हैं। अगर कोई सवाल पूछता है तो उसका जवाब भी दिया जाता है।

महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष छवि कला सिंह ने बताया कि इस वॉर रूम में कई फोन लगे हुए हैं। साथ ही महिला कार्यकर्ताएं अपने मोबाइल फोन से लोगों से संपर्क करती हैं। लोगों को मोदी सरकार के अच्छे कामों के बारे में जानकारी दी जाती है। जिला मंत्री भारती बंसल के मुताबिक यह काम सुबह 9 से शुरू होकर देर शाम तक चलता रहता है। जिले के तमाम कार्यकर्ताओं के पार्टी के हर काम व मीटिंग की जानकारी देने का काम भी यहीं से होता है। उपाध्यक्ष पूजा शर्मा एवं मंत्री रितु भटनागर ने बताया कि ट्विटर के जरिए भाजपा के घोषणा पत्र की तमाम बातों को सबसे शेयर किया जा रहा है। पांच साल बड़े कामों को जनता के बीच पहुंचाया जा रहा है। दीपिका जैन ने बताया कि हम सिर्फ मोदी सरकार के अच्छे कामों को बताते हैं, किसी की बुराई में नहीं जाते। जनता खुद देख रही है कि देश के लिए मोदी से बेहतर कोई नहीं हो सकता है।

– सतेन्द्र त्रिपाठी

Desk Team