नई दिल्ली : आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय के नेतृत्व में शनिवार को सातवें दिन नजफगढ़ विधानसभा में जनसंवाद यात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें नजफगढ़ के विधायक कैलाश गहलोत सहित पार्टी के सभी कार्यकर्ता और आम लोग भी मौजूद रहे। इसजनसंवाद यात्रा में विशेष रूप से महिलाओं के मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान भाजपा के पांच साल, कांग्रेस के 15 साल और आप के साढ़े चार सालों में दिल्ली की महिलाओं के लिए कौन-कौन से काम हुए, इस पर लोगों ने अपनी राय रखी।
पिछले साढ़े चार सालों में आप द्वारा महिलाओं के लिए किये कामों पर कई लोगों ने अपनी राय रखी। नजफगढ़ निवासी शशिप्रभा ने बताया कि केजरीवाल सरकार द्वारा पूरी दिल्ली में लगाये जा रहे सीसीटीवी कैमरे महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को कम करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि सबूत न होने की वजह से कई बार पुलिस भी हमारी नहीं सुनती थी लेकिन अब हमारे पास सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग होगी जिससे हम मनचलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा पाएंगे।
नियमित रूप से बस में सफर करने वाली एक महिला ने बताया कि डीटीसी की बसों में मार्शल रखे गए हैं जो महिलाओं के साथ बद्तमीजी करने वाले लोगों को पकड़ कर पुलिस के हवाले करते हैं। अब बसों में महिलाएं सुरक्षित महसूस करती हैं। रेणु नाम की महिला ने बताया कि अब दिल्ली की बसों और मेट्रों में महिलाओं का किराया फ्री होने जा रहा है जो मेरे जैसी कामकाजी महिला के लिए बहुत बड़ी राहत है। अब किराये के बचे हुए इन पैसों को घर के किसी और काम में लगा पाऊंगी।
वहां मौजूद एक आंगनबाड़ी कर्मी ने सरकार द्वारा आंगनबाड़ी कर्मियों का वेतन दोगुना करने के लिए धन्यवाद दिया। इस दौरान बारहवीं की परीक्षा दे रही एक लड़की ने बताया कि सीबीएसई द्वारा लिए जा रहे फीस को दिल्ली सरकार ने माफ कर दिया है। उसने यह भी बताया कि 12वीं के बाद वह मेडिकल की तैयारी करना चाहती है, दिल्ली सरकार इसके लिए कोचिंग की व्यवस्था भी कर रही है।
इसके लिए उसने दिल्ली सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। महिला सुरक्षा से संबंधित एक सवाल के जवाब में गोपाल राय ने बताया कि दिल्ली पुलिस, दिल्ली सरकार के अन्तगर्त नही आती। फिर भी हम दिल्ली की महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। महिलाओं पर होने वाले अपराध को लेकर हमारा स्टैंड जीरो टॉलरेंस का है।


Download Android App
Download iOS App



