‘सहकारिता के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी होगी सुनिश्चित’

Summary :

राधा मोहन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया किसान परिवार की आय बढ़ाकर वर्ष 2022 तक दो गुना करने का लक्ष्य में भी महिलाओं की भूमिका एवं योगदान का विशेष महत्व है।

नई दिल्ली : केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मोदी सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल में कृषि मंत्रालय द्वारा महिला किसानों के सशक्तिकरण व उत्थान के लिए उठाये गए महत्वपूर्ण कदमों व नीतिगत पहलुओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि किसान परिवार की आय बढ़ाकर वर्ष 2022 तक दो गुना करने का लक्ष्य में भी महिलाओं की भूमिका एवं योगदान का विशेष महत्व है।

इसलिए डॉ. दलवई की अध्यक्षता में गठित समिति ने अपनी रिपोर्ट के ग्यारहवें अध्याय में किसानों की आय को दोगुनी करने के लिए महिलाओं के सशक्तिकरण पर अलग से एक चैप्टर लिखा है, जिसके क्रियांवयन से महिलाएं अपने परिवार की आय वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगी। उन्होंने बताया कि महिलाओं को कृषि की मुख्य धारा में लाने के लिए मोदी सरकार द्वारा अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिनके तहत विभिन्न प्रमुख योजनाओं, कार्यक्रमों और विकास संबंधी गतिविधियों के अंतर्गत महिलाओं के लिए कम से कम 30 फीसदी धनराशि का आवंटन सुनिश्चित किया गया है।

साथ ही विभिन्न लाभार्थी-उन्मुखी कार्यक्रमों-योजनाओं और मिशनों के घटकों का लाभ महिलाओं तक पहुंचाने के लिए महिला आधारित गतिविधियां शुरू की गई हैं। वर्ष 2017-18 के दौरान सहकारिता के क्षेत्र में एन.सी.यू.आई. के अंतर्गत 31.47 लाख महिलाओ को प्रशिक्षित कर लाभान्वित किया गया है।

Desk Team