नई दिल्ली : सावधान! अगर आपके मोबाइल पर किसी का फोन आता है कि आपका वोट कट गया था और हमने आपका वोट फिर से जुड़वा दिया है तो ये सुनकर आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। क्योंकि आपका वोट बिल्कुल सुरक्षित है। यह बात दिल्ली मुख्य चुनाव अधिकारी रणबीर सिंह ने कहीं। उन्होंने कहा कि आप भारत के नागरिक हैं और आपको मताधिकार करने का पूरा अधिकार है। रणबीर सिंह ने कहा कि पिछले कुछ दिनों पहले कुछ राजनीतिक पार्टियों ने झूठी हवा फैलाई थी कि लोगों के वोट काट दिए गए हैं।
इसके बाद दिल्ली चुनाव आयोग राजधानी के लोगों को मैसेज भेज रही है। इसमें उन्हें आश्वस्त किया जा रहा है कि उनका वोट नहीं काटा गया है। फिर भी वह अपना वोट जांच लें। इसके साथ ही पूरे दिल्ली में दिल्ली चुनाव आयोग के कर्मचारी जागरूक कैंप लगाकर लोगों को जागरूक कर रही है। वहीं अलग-अलग इलाके में नुक्कड़-नाटक कर लोगों को ईवीएम और वीवीपेट के बारे में जानकारी दे रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान इस्तेमाल होने वाला ईवीएम पूरी तरह से सुरक्षित है।
दक्षिणी दिल्ली में नार्थ-ईस्ट भारतवासियों के लिए आयोजित जागरूकता कैंप के दौरान चुनाव आयोग ने कहा कि ईवीएम से छेड़छाड़ के बारे में अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। आयोग ने कहा कि पहली बार वोट डालने वालों को बढ़-चढ़ कर इसमें हिस्सा लेना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान आए लोगों को ईवीएम के साथ लगे वीवीपेट पर वोट डालने का मॉक पोल करके दिखाया गया। साथ ही मौके पर मतदाता आईडी में नए मतदाताओं के नामांकन, नाम हटाने, सुधार करने सहित अन्य के लिए कार्य किए गए। इस मौके पर संयुक्त पुलिस आयुक्त डेविड लालरिनसांगा, दक्षिणी दिल्ली की जिला मजिस्ट्रेट निधि श्रीवास्तव, सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



