दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाक की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने और गोपनीय दस्तावेज मुहैया कराने के आरोप में दिल्ली एयरफोर्स के ग्रुप कैप्टन अरुण मारवाह (51) को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक कुछ महीने पहले ISI के एक एजेंट ने लड़की बनकर अरुण मारवाह से संपर्क किया था। इसके बाद दोनों में फोन पर लगातार चैटिंग होने लगी। और इस दौरान दोनों ने एक दूसरे को मैसेज भेजे।
लड़की बनकर कैप्टन अरुण मारवाह को पूरी तरह अपने जाल में फंसाने के बाद ISI एजेंट ने उनसे कई गोपनीय दस्तावेजों की डिमांड की। आरोप है कि उन्होंने कुछ गोपनीय दस्तावेज उसे मुहैया करा दिए। कुछ हफ्ते पहले एयरफोर्स के वरिष्ठ अधिकारी को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने आंतरिक जांच बैठा दी। जांच में मारवाह की जासूसी में संलिप्तता पाए जाने पर एयरफोर्स के वरिष्ठ अधिकारी ने दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक से इसकी शिकायत की।
पटनायक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल सेल को इसकी जांच सौंप दी। स्पेशल सेल ने गुरुवार सुबह मुकदमा दर्ज कर अरुण मारवाह को गिरफ्तार कर लिया। कल दोपहर बाद उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट स्थित मुख्य महानगर दंडाधिकारी दीपक सहरावत की अदालत में पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें पांच दिन की रिमांड पर भेज दिया गया। फिलहाल स्पेशल सेल ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया है। स्पेशल सेल कैप्टन से पूछताछ कर लड़की बनकर भेंट करने वाले ISI एजेंट व कौन-कौन से गोपनीय दस्तावेज उसे मुहैया कराए गए हैं, इस बारे में पता लगा रही है।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



