दिल्ली में कोरोना का विस्फोट बरकरार है। बीते 24 घंटे में 1061 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 1.62 लाख से ज्यादा पहुंच गई है। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 13 मरीजों की मौत हो गयी। शहर में संक्रमण से मृतकों की संख्या 4,313 हो गयी है।
पिछले सप्ताह से संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी के बारे में सवाल पूछे जाने पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने सोमवार को कहा कि शहर में संक्रमण दर 10 प्रतिशत से नीचे है। बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कुल 11,910 जांच की गयी है। इनमें आरटी-पीसीआर, सीबीनेट, ट्रूनेट विधि से 3,826 नमूनों की जांच की गयी जबकि 8,084 जांच रैपिड एंटीजन पद्धति से की गयी। दिल्ली में कुल 14,43,004 जांच हो चुकी है। संक्रमितों की कुल संख्या 1,62,527 हो गयी है।
शहर में 1,46,588 मरीज ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में 11,626 मरीजों का उपचार चल रहा है। इनमें से 6143 मरीज घर पर पृथक-वास में हैं। पिछले 24 घंटे में 1200 मरीज ठीक हो गए। शहर में निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या 644 है। अस्पतालों में कुल 14,127 बेड हैं जिनमें से 3590 पर मरीज हैं।
बताते चले कि देशभर में कोरोना का प्रकोप जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार संक्रमितों का आंकड़ा 31,06,348 तक पहुंच गया है और 57,542 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 23,38,035 लोग ठीक हो चुके हैं।