उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में शनिवार सुबह एक चार मंजिला इमारत ढह गई. यह हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ, जिसमें कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है. दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से अब तक 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है और उन्हें अस्पताल भेजा गया है. राहत और बचाव का काम तेजी से जारी है.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आम आदमी पार्टी (आप ) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि यह घटना बेहद दुखद है और इसमें जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. उन्होंने बताया कि घटना स्थल की गली बहुत संकरी है, जिससे राहत कार्य में परेशानी हो रही है. केजरीवाल ने पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं से मौके पर पहुंचकर प्रशासन की मदद करने की अपील की. इसके बाद काफी संख्या में ‘‘आप’’ कार्यकर्ता प्रशासन की मदद में जुट गए.
AAP नेता आतिशी ने भी जताई संवेदना
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आप की वरिष्ठ नेता आतिशी ने भी इस हादसे पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. उन्होंने बताया कि गली तंग होने के कारण राहत और बचाव में दिक्कतें आ रही हैं. आतिशी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्रशासन के साथ मिलकर पूरा सहयोग करें.
अंकुश नारंग ने शेयर किया वीडियो
आप के एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने घटना स्थल का वीडियो एक्स पर साझा किया. उन्होंने लिखा कि सीलमपुर इलाके में यह बेहद दुखद घटना हुई है. करीब 12 लोगों के मलबे में दबे होने की संभावना है. उन्होंने बताया कि राहत कार्य में दमकल विभाग और स्थानीय लोग लगातार प्रयासरत हैं. साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे मौके पर जाकर राहत कार्य में पूरी मदद करें.


Download Android App
Download iOS App




