प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का MSME विजन: विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव

Summary :

Prime Minister Narendra Modi’s MSME Vision: भारत की अर्थव्यवस्था में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) मंत्रालय केवल एक आर्थिक इकाई नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के सपनों, नवाचारों और आत्मनिर्भरता का आधार है। आज देश में दूसरा सबसे बड़ा रोजगार देने वाला MSME क्षेत्र रोजगार सृजन, निर्यात वृद्धि और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में MSME क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में जो परिवर्तनकारी कदम उठाए गए हैं, उन्होंने इस क्षेत्र को नई ऊर्जा और नई पहचान प्रदान की है। प्रधानमंत्री मोदी जी…

Prime Minister Narendra Modi’s MSME Vision: भारत की अर्थव्यवस्था में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) मंत्रालय केवल एक आर्थिक इकाई नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के सपनों, नवाचारों और आत्मनिर्भरता का आधार है। आज देश में दूसरा सबसे बड़ा रोजगार देने वाला MSME क्षेत्र रोजगार सृजन, निर्यात वृद्धि और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में MSME क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में जो परिवर्तनकारी कदम उठाए गए हैं, उन्होंने इस क्षेत्र को नई ऊर्जा और नई पहचान प्रदान की है।

प्रधानमंत्री मोदी जी का MSME विजन केवल उद्योगों के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह “आत्मनिर्भर भारत” और “विकसित भारत 2047” के व्यापक लक्ष्य से जुड़ा हुआ है। उनका मानना है कि यदि देश का छोटा उद्यम और छोटे उद्यमी मजबूत होंगे, तो भारत की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी और विकसित भारत का मार्ग भी आसान होगा। इसी सोच के साथ सरकार ने MSME क्षेत्र के लिए वित्तीय समावेशन, तकनीकी उन्नयन, कौशल विकास, AI का उपयोग और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने वाली अनेक योजनाओं को लागू किया है। हाल ही में दिल्ली में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट में मोदी जी का MSME क्षेत्र को भी AI उपयोग के लिए प्रेरित करना दर्शाता है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में MSME तकनीक के अभाव में पीछे ना रह जाए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का MSME विजन “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को भी साकार करता है। MSME क्षेत्र देश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच विकास की खाई को कम करने का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। छोटे उद्योगों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़े हैं, जिससे युवाओं का बड़े शहरों की ओर पलायन कम हुआ है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिली है। आज MSME क्षेत्र आर्थिक विकास के साथ-साथ सामाजिक समावेशन का भी सबसे प्रभावी माध्यम बन गया है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, आपातकालीन ऋण गारंटी योजना (ECLGS), प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, सार्वजनिक खरीद नीति तथा Udyam Registration जैसी पहलों ने छोटे उद्यमियों को नई ताकत दी है। डिजिटल माध्यम से पंजीकरण और ऋण प्राप्ति की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है, जिससे उद्यमियों का समय और संसाधन दोनों बच रहे हैं। विशेष रूप से कोविड-19 जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में MSME क्षेत्र को बचाने और आगे बढ़ाने में सरकार की नीतियाँ अत्यंत प्रभावी साबित हुईं।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने “लोकल के लिए वोकल” का जो मंत्र दिया, उसने भारतीय उत्पादों को नई पहचान दिलाई है। आज भारत के MSME केवल घरेलू बाजार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं का हिस्सा बन रहे हैं। “मेक इन इंडिया” और “आत्मनिर्भर भारत” अभियानों ने छोटे उद्योगों को नवाचार और गुणवत्ता सुधार के लिए ना केवल प्रेरित किया है ब्लकि उसे क्रियान्वित करने का भी काम किया है परिणामस्वरूप भारत का निर्यात लगातार नई ऊँचाइयों को छू रहा है और MSME क्षेत्र इसमें महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने “एक जिला, एक उत्पाद” (ODOP) जैसी पहलों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने पर विशेष बल दिया है। इससे देश के विभिन्न जिलों की विशिष्ट उत्पाद श्रृंखलाओं को नया बाजार मिला है। चाहे बिहार का मखाना हो, वाराणसी की साड़ी हो, कश्मीर का हस्तशिल्प हो या पूर्वोत्तर भारत के जैविक उत्पाद—MSME आधारित यह मॉडल स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक और आर्थिक विविधता को वैश्विक मंच पर स्थापित कर रहा है।

विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार MSME क्षेत्र को आधुनिक तकनीकों, हरित विनिर्माण (Green Manufacturing), कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डिजिटलीकरण और Industry 4.0 से जोड़ने पर विशेष बल दे रही है। आने वाले वर्षों में भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने में MSME क्षेत्र की भूमिका निर्णायक होगी। इसके लिए सरकार क्लस्टर विकास, गुणवत्ता प्रमाणन, निर्यात संवर्धन और नवाचार आधारित उद्यमिता को बढ़ावा दे रही है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बनकर उभरा है। MSME और स्टार्टअप क्षेत्र के बीच बढ़ता समन्वय नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रहा है। आज युवा उद्यमी तकनीक, डिजिटल सेवाओं, कृषि प्रसंस्करण, स्वास्थ्य सेवाओं और विनिर्माण क्षेत्र में नए समाधान विकसित कर रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि स्टार्टअप्स और MSMEs मिलकर रोजगार, उत्पादन और निर्यात को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाएं।

महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना भी प्रधानमंत्री मोदी के MSME विजन का एक महत्वपूर्ण आयाम है। मुद्रा योजना, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ा गया है। आज महिलाएँ न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि देश की विकास यात्रा में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। आज दुनिया भारत को केवल एक बड़े बाजार के रूप में नहीं, बल्कि एक विश्वसनीय विनिर्माण और नवाचार केंद्र के रूप में देख रही है। प्रधानमंत्री मोदी जी की सक्रिय आर्थिक कूटनीति और वैश्विक साझेदारियों के कारण भारतीय MSMEs के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों के नए अवसर पैदा हुए हैं। G20 की अध्यक्षता के दौरान भी भारत ने MSMEs को वैश्विक आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए उनके सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया। यह भारत की बढ़ती आर्थिक प्रतिष्ठा और MSME क्षेत्र की क्षमता का प्रमाण है।

भारत विश्व की सबसे युवा आबादी वाले देशों में से एक है। प्रधानमंत्री मोदी का विश्वास है कि भारत का युवा केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बने। इसी सोच के अनुरूप MSME क्षेत्र में स्वरोजगार, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और नई शिक्षा नीति जैसी पहलें युवाओं को भविष्य की अर्थव्यवस्था के अनुरूप तैयार कर रही हैं।
आज जब भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है,तब MSME क्षेत्र देश की विकास यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण साझेदार बनकर उभरा है।उत्पादन, रोजगार, नवाचार, निर्यात और आत्मनिर्भरता—इन सभी क्षेत्रों में MSMEs की भूमिका लगातार बढ़ रही है। अमृतकाल में विकसित भारत के निर्माण का सपना तभी साकार होगा जब देश का प्रत्येक छोटा उद्यमी, कारीगर, महिला उद्यमी और युवा नवप्रवर्तक इस राष्ट्रीय अभियान का सक्रिय भागीदार बने।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का दूरदर्शी नेतृत्व इस क्षेत्र को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। यह केवल उद्योगों की प्रगति की कहानी नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं, महिलाओं, कारीगरों और उद्यमियों के सशक्तिकरण की कहानी है। निस्संदेह, प्रधानमंत्री मोदी जी का MSME विजन एक ऐसे भारत की परिकल्पना है जहाँ प्रत्येक उद्यमी को अवसर मिले, प्रत्येक नवाचार को पहचान मिले और प्रत्येक नागरिक देश की आर्थिक प्रगति का सहभागी बने। यही विजन विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर रहा है और भारत को वैश्विक आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ा रहा है। आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत तक की यह यात्रा MSME क्षेत्र की शक्ति, उद्यमियों के संकल्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व के बल पर निरंतर आगे बढ़ रही है। आने वाले वर्षों में यही क्षेत्र भारत को वैश्विक विनिर्माण, नवाचार और उद्यमिता का केंद्र बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाएगा।

(जीतन राम मांझी)
लेखक केन्द्रीय MSME मंत्री है

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.