साउथ के बड़े स्टार थलपति विजय की फिल्म ‘जन नायगन’ आख़िरकार थिएटर्स में रिलीज हो गई है। सेंसर बोर्ड की रुकावटों और लंबे इंतज़ार के बाद जब फिल्म बड़े पर्दे पर आई, तो थिएटर्स के बाहर फैंस की भारी भीड़ जमा हो गई। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच विजय के फैंस ने अपने चहेते सितारे का स्वागत किया।
हालांकि, बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के जो आंकड़े सामने आए हैं, वे काफी दिलचस्प हैं। फिल्म ने पहले ही दिन धमाकेदार कमाई तो की है, लेकिन यह विजय की ही पिछली कुछ सुपरहिट फिल्मों के ओपनिंग रिकॉर्ड को तोड़ने से चूक गई।
पहले ही दिन बंपर ओपनिंग, दुनियाभर में बजा ‘जन नायगन’ का डंका

ट्रैक – रिपोर्टर सैकनिल्क (Sacnilk) के मुताबिक, ‘जन नायगन’ ने अपने पहले दिन भारत में 41 करोड़ रुपये (नेट) का शानदार कारोबार किया है। अगर ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो देश भर में फिल्म की कमाई लगभग 48.27 करोड़ रुपये रही।
वहीं ओवरसीज यानी विदेशों में भी थलपति विजय का जादू सर चढ़कर बोला। फिल्म ने विदेशी बाजारों से करीब 30 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन बटोरा। इस तरह अगर वर्ल्डवाइड (दुनियाभर) के आंकड़ों को जोड़ें तो ‘जन नायगन’ ने पहले ही दिन 78.27 करोड़ रुपये का कुल ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। एक ही दिन में लगभग 78 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस करना किसी भी फिल्म के लिए बहुत बड़ी बड़ी बात मानी जाती है।
अपनी ही पुरानी फिल्मों ‘बीस्ट’ और ‘गोट’ से पीछे छूटे थलपति विजय

भले ही 41 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन बहुत बड़ा आंकड़ा है, लेकिन अगर विजय के पिछले रिकॉर्ड्स पर नजर डालें तो ‘जन नायगन’ थोड़ा पीछे रह गई। विजय की फिल्म ‘बीस्ट’ (Beast) ने पहले दिन भारत में 49.30 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जबकि उनकी हालिया रिलीज फिल्म ‘GOAT’ ने ओपनिंग डे पर 44 करोड़ रुपये बटोरे थे।
इतना ही नहीं, तमिल सिनेमा में पहले दिन 50 करोड़ से ज्यादा की कमाई करने वाली फिल्मों के क्लब में भी ‘जन नायगन’ अपनी जगह नहीं बना सकी। तमिल सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड अभी भी ‘लियो’ (64.80 करोड़) और रजनीकांत की ‘कूली’ (65 करोड़) के नाम दर्ज है।
हिंदी-तेलुगु बेल्ट का हाल और 500 करोड़ी दांव

एच. विनोद के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म को लगभग 500 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में तैयार किया गया है। फिल्म के कलेक्शन का बड़ा हिस्सा तमिल वर्जन से आया, जिसने अकेले 36.50 करोड़ रुपये का योगदान दिया। तेलुगु भाषा में फिल्म ने 2.75 करोड़ और हिंदी बेल्ट में 1.75 करोड़ रुपये का बिजनेस किया।
फिल्म में विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल और ममिता बैजू मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि संगीत अनिरुद्ध रविचंदर का है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि वीकेंड पर (शनिवार और रविवार) फिल्म की कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है और यह फिल्म पहले वीकेंड तक दुनियाभर में 200 से 250 करोड़ का आंकड़ा आसानी से पार कर सकती है।
Read More: Seher Hone Ko Hai 24 July 2026 Spoiler Alert: क्या डॉ. फरीद की शर्त के आगे झुकेगी Seher..



Download Android App
Download iOS App




