Jailer 2 Trailer: ‘Jailer 2’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज, जानें ‘टाइगर’ मुथुवेल पांडियन की कहानी में कहां रह गई कमी?

Summary :

‘जेलर 2’ के ट्रेलर में रजनीकांत एक बार फिर ‘टाइगर’ मुथुवेल पांडियन के दमदार किरदार में नजर आ रहे हैं, जहां उनका सामना कई खतरनाक दुश्मनों से होगा। फिल्म में रजनीकांत के साथ विद्या बालन, मिथुन चक्रवर्ती, एस.जे. सूर्या, मोहनलाल, शिवराजकुमार और जैकी श्रॉफ जैसे सितारे अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। ऋतिक रोशन के कैमियो और जबरदस्त एक्शन ने फिल्म को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है, जो 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत एक बार फिर बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए तैयार हैं। करीब तीन साल पहले उनकी रिलीज हुई फिल्म ‘जेलर’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सक्सेस हासिल की थी। नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन, अनिरुद्ध रविचंदर के शानदार म्यूजिक और रजनीकांत के दमदार अंदाज ने फिल्म को ब्लॉकबस्टर बना दिया था। ऐसे में अब इसी फिल्म का सीक्वल ‘जेलर 2’ सिनेमाघरों में दस्तक देने वाला है और इसका ट्रेलर रिलीज होते ही फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है।

मिस्टीरियस अंदाज में होती है ‘टाइगर’ की एंट्री

‘जेलर 2’ के ट्रेलर को लेकर बात करें तो ये एक मिस्टीरियस कहानी के साथ शुरू होता है। इसमें कुछ लोग एक ऐसे शख्स की तलाश में हैं, जो लगातार उनके आदमियों को खत्म कर रहा है। लेकिन खास बात ये है कि किसी के पास उस शख्स की सही पहचान या चेहरा तक नहीं है। इसी सस्पेंस के बीच रजनीकांत के किरदार रिटायर्ड आईपीएस ऑफिसर और जेलर ‘टाइगर’ मुथुवेल पांडियन की एंट्री होती है। ट्रेलर में मुथुवेल का अंदाज पहले से भी ज्यादा खतरनाक नजर आ रहा है। वह अपनी पहचान छिपाकर जिंदगी जी रहा है और दुश्मनों से बचते हुए लगातार अपना मिशन आगे बढ़ा रहा है।

एक दुश्मन नहीं, कई खतरनाक विलेन

Jailer 2 Story
Jailer 2 Story (Source: Google)

हालांकि कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब पता चलता है कि मुथुवेल पांडियन ने वर्मन को खत्म कर दिया था। लेकिन वर्मन की मौत के बाद मामला यहीं खत्म नहीं हुआ, उसके पीछे मौजूद कई ताकतवर और खूंखार लोग अब मुथुवेल की तलाश में हैं। यानी इस बार ‘टाइगर’ के सामने सिर्फ एक विलेन नहीं, बल्कि दुश्मनों की पूरी फौज होगी। ऐसे में मुथुवेल का अकेले इस लड़ाई का सामना करना आसान नहीं होगा और इसी वजह से उसे अपने पुराने साथियों की मदद लेनी पड़ेगी।

रजनीकांत के साथ नजर आएंगे कई बड़े सितारे

Jailer 2 Starcast
Jailer 2 Starcast (Source: Google)

‘जेलर 2’ की सबसे बड़ी खासियत इसका मल्टी-स्टार कास्ट है। ट्रेलर में रजनीकांत के साथ कई बड़े कलाकारों की झलक देखने को मिलती है। विद्या बालन, मिथुन चक्रवर्ती और एस.जे. सूर्या फिल्म में अपोनेंट टीम का हिस्सा नजर आ रहे हैं। वहीं मुथुवेल पांडियन के साथ खड़े होने वालों में जैकी श्रॉफ, शिवराजकुमार और मोहनलाल जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इन स्टार्स की मौजूदगी ने फिल्म का स्केल और भी बड़ा कर दिया है।

ऋतिक रोशन का लुक बना सबसे बड़ा सरप्राइज

Hrithik Roshan likely to join Rajini's Jailer 2
Hrithik Roshan likely to join Rajini’s Jailer 2 (Source: Google)

ट्रेलर में सबसे ज्यादा चर्चा ऋतिक रोशन के कैमियो को लेकर हो रही है। हालांकि मेकर्स ने उनका लुक फिलहाल पूरी तरह छिपाकर रखा है। यानी दर्शकों को ऋतिक का पूरा अंदाज देखने के लिए सिनेमाघरों का रुख करना पड़ेगा। उनकी मौजूदगी ने खासकर हिंदी बेल्ट में ‘जेलर 2’ की चर्चा को और तेज कर दिया है। रजनीकांत और ऋतिक रोशन का एक ही फिल्म में नजर आना फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है।

ट्रेलर में कहां दिखी कमी?

Jailer 2 Trailer
Jailer 2 Trailer (Source: Google)

ट्रेलर को देखकर साफ है कि नेल्सन दिलीपकुमार ने इस बार भी फिल्म में भरपूर मास एलिमेंट्स, एक्शन और स्टाइल को जगह दी है। रजनीकांत का स्वैग, दमदार डायलॉग्स, अनिरुद्ध का बैकग्राउंड म्यूजिक और बड़े सितारों की मौजूदगी ट्रेलर को खास बनाती है। लेकिन वहीं इस फिल्म की कहानी टिपीकल साउथ सिनेमा में पहले से दिखाई जा रही कहानियों की तरह ही नजर आ रही है। जिस वजह से इस फिल्म के कई सीन्स से लेकर क्लाइमैक्स तक आप कुछ चीजें प्रिडीक्ट भी कर सकते हैं।

हालांकि अगर फिल्म को लेकर बात करें तो ‘जेलर’ की जबरदस्त सफलता के बाद मेकर्स को ‘जेलर 2’ से उम्मीदें पहले ही काफी ज्यादा हैं। अब ट्रेलर ने इन उम्मीदों को और बढ़ा दिया है, खासतौर पर ऋतिक रोशन के कैमियो ने हिंदी दर्शकों के बीच फिल्म की एक्साइटमेंट को कई गुना बढ़ा दिया है। अब सबकी नजर 15 अक्टूबर पर है, जब ‘जेलर 2’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यहां अब ये देखना दिलचस्प होगा कि ‘टाइगर’ मुथुवेल पांडियन की यह नई कहानी बॉक्स ऑफिस पर पहली फिल्म की सफलता को आगे ले जा पाती है या नहीं।

Read More: Varanasi Action Sequence: ‘Varanasi’ के एक्शन सीक्वेंस मचा देंगे तहलका, SS Rajamouli के बेटे SS Kartikey ने किया बड़ा खुलासा

Rishabh Pandey

ऋषभ पांडे पिछले पांच साल से पत्रकारिता के फील्ड में काम कर रहे हैं, उन्होंने अपनी शुरुआत Zee News चैनल से की थी, इसके बाद उन्होंने News 24 में पॉलिटिकल, एंटरटेनमेंट न्यूज और क्राइम से जुड़ी खबरें लिखीं और बतौर प्रोड्यूसर भी एंटरटेनमेंट बीट पर काम किया, अब ऋषभ Punjab Kesari में एंटरटेनमेंट और स्पोर्टस बीट पर बतौर Sub Editor (हिंदी में) काम कर रहे हैं।