Chaitra Masik Shivratri Vrat Katha in Hindi: हिंदू धर्म में मासिक शिवरात्रि का विशेष महत्व बताया गया है। हर महीने कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को मासिक शिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन विधि-विधान से शिव पूजा करने और उपवास रखने से भक्तों के कष्ट दूर होते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। वर्ष 2026 में चैत्र माह की मासिक शिवरात्रि 17 मार्च (मंगलवार) को है। पंचांग के अनुसार, चतुर्दशी तिथि 17 मार्च की सुबह 9 बजकर 23 मिनट से शुरू होकर 18 मार्च की सुबह 8 बजकर 25 मिनट तक रहेगी। मासिक शिवरात्रि…
Chaitra Masik Shivratri Vrat Katha in Hindi (AI Generated)
Chaitra Masik Shivratri Vrat Katha in Hindi: हिंदू धर्म में मासिक शिवरात्रि का विशेष महत्व बताया गया है। हर महीने कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को मासिक शिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन विधि-विधान से शिव पूजा करने और उपवास रखने से भक्तों के कष्ट दूर होते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।
वर्ष 2026 में चैत्र माह की मासिक शिवरात्रि 17 मार्च (मंगलवार) को है। पंचांग के अनुसार, चतुर्दशी तिथि 17 मार्च की सुबह 9 बजकर 23 मिनट से शुरू होकर 18 मार्च की सुबह 8 बजकर 25 मिनट तक रहेगी। मासिक शिवरात्रि व्रत करने से सभी दुख, दोष और पाप मिट जाते हैं। इस दिन व्रत कथा का पाठ करने से महादेव की कृपा से व्यक्ति को संतान, सुख, आरोग्य आदि की प्राप्ति होती है।
Chaitra Masik Shivratri Vrat Katha in Hindi: मासिक शिवरात्रि व्रत कथा
Chaitra Masik Shivratri Vrat Katha in Hindi (Source: Social Media)
पौराणिक कथाओं के अनुसार, प्राचीन काल में चित्रभानु नाम का एक शिकारी था, जो अपने परिवार का पेट भरने के लिए जंगल में शिकार किया करता था। वह एक साहूकार का कर्जदार था, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण समय पर ऋण नहीं चुका सका। नतीजतन, साहूकार ने उसे एक शिवमठ में बंदी बना लिया।
संयोग से उस दिन मासिक शिवरात्रि थी, इसलिए मठ में दिनभर भगवान शिव की पूजा और भजन-कीर्तन चल रहा था। बंदी होने के कारण चित्रभानु को भी दिनभर भूखे-प्यासे रहकर यह सब सुनना पड़ा। अंत में, साहूकार ने उसे रिहा करते हुए अगले दिन कर्ज चुकाने की शर्त रखी, जिसे मानकर चित्रभानु वहां से चला गया।
साहूकार की कैद से छूटते ही चित्रभानु सीधे जंगल की ओर शिकार की तलाश में निकल पड़ा। चूंकि वह लंबे समय से बंदी था, इसलिए भूख और प्यास से उसका बुरा हाल था। दिनभर भटकने के बाद भी उसे कोई शिकार नहीं मिला और सूर्यास्त हो गया। थक-हारकर वह एक तालाब के किनारे पहुंचा, पानी पिया और शिकार की प्रतीक्षा में एक बेल के पेड़ पर चढ़ गया। उस पेड़ के नीचे एक शिवलिंग था, जो बेलपत्रों से ढका हुआ था और शिकारी को दिखाई नहीं दे रहा था।
पेड़ पर बैठे-बैठे वह बेलपत्र तोड़कर नीचे गिराता रहा। संयोगवश, वे पत्ते सीधे शिवलिंग पर गिरते रहे। उसने दिनभर कुछ खाया नहीं था, तो उसका उपवास हो गया और अनजाने में ही शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ने से रात्रि के पहले प्रहर की पूजा भी संपन्न हो गई।
कुछ समय बाद, तालाब पर एक गर्भवती हिरणी पानी पीने आई। चित्रभानु ने उसे देखते ही धनुष पर बाण चढ़ा लिया। हिरणी ने डरते हुए प्रार्थना की कि वह गर्भवती है, इसलिए अभी उसका शिकार न करें। उसने वचन दिया कि प्रसव के बाद वह स्वयं लौट आएगी। शिकारी को दया आ गई और उसने उसे जाने दिया। कुछ देर बाद एक दूसरी हिरणी वहां आई, जो अपने पति को खोज रही थी।
शिकारी ने फिर बाण तान लिया, लेकिन उस हिरणी ने भी अपने पति से मिलने की अंतिम इच्छा जताई और लौटने का वादा किया। शिकारी का दिल पसीज गया और उसने उसे भी छोड़ दिया। इन दोनों घटनाओं के दौरान, धनुष चढ़ाने और उतारने की प्रक्रिया में कुछ बेलपत्र टूटकर नीचे शिवलिंग पर गिरे, जिससे रात्रि के दूसरे प्रहर की पूजा भी पूरी हो गई।इसके बाद, एक और हिरणी अपने बच्चों के साथ वहां आई।
चित्रभानु ने फिर से शिकार करना चाहा, लेकिन हिरणी ने उससे अपने बच्चों को सुरक्षित उनके पिता के पास छोड़ने की मोहलत मांगी। चित्रभानु ने हंसते हुए कहा कि वह अब और मूर्ख नहीं बनेगा, क्योंकि वह पहले ही दो शिकार छोड़ चुका है।
Chaitra Masik Shivratri Vrat Katha
Chaitra Masik Shivratri Vrat Katha (Source: Social Media)
इस पर हिरणी ने उसे उसकी संतान के प्रति प्रेम का वास्ता दिया और कहा कि जैसे उसे अपने परिवार की चिंता है, वैसे ही उसे भी अपने बच्चों की फ़िक्र है। हिरणी की ममता भरी बातें सुनकर शिकारी भावुक हो गया और उसने उस हिरणी को भी जाने दिया।
अंत में एक नर हिरन वहां आया। उसे देखकर शिकारी शिकार के लिए उतावला हो उठा। तब मृग ने कहा, “यदि तुमने मेरे परिवार को मार दिया है, तो मुझे भी मार दो ताकि मेरा वियोग समाप्त हो। लेकिन यदि वे जीवित हैं, तो मुझे उनसे एक बार मिल लेने दो, मैं वादा करता हूं कि मिलकर वापस आ जाऊंगा।”
मृग की बातों पर विश्वास करके शिकारी ने फिर अपना बाण वापस खींच लिया। इस दौरान फिर से कुछ बेलपत्र शिवलिंग पर गिरे और अनजाने में ही शिकारी द्वारा रात्रि के अंतिम प्रहर की पूजा भी संपन्न हो गई।
कुछ समय पश्चात, वह मृग अपने पूरे परिवार (तीनों हिरणियों और बच्चों) के साथ अपना वचन निभाने के लिए शिकारी के सामने उपस्थित हो गया। मूक पशुओं की ऐसी सत्यनिष्ठा और त्याग देखकर चित्रभानु का हृदय पूरी तरह बदल गया और उसने हिंसा का मार्ग त्याग दिया। अगले दिन उसने किसी तरह धन का प्रबंध कर साहूकार का कर्ज चुकाया और शिव भक्ति में लीन होकर मेहनत करने लगा।
भगवान शिव की कृपा से उसका जीवन सुखमय हो गया। अंत समय में जब यमदूत उसे लेने आए, तो शिवगणों ने उन्हें लौटा दिया और चित्रभानु को सम्मानपूर्वक शिवलोक ले गए। यह कथा सिखाती है कि यदि अनजाने में भी शिवरात्रि के दिन भगवान शिव की सेवा या व्रत हो जाए, तो जीव को मोक्ष की प्राप्ति होती है।
खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।