मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे भी आपकी तरह 8 साल तक व्यापार करने का अनुभव रहा है जिसके चलते मैं व्यापारियों की समस्याओं को समझता हूं। अनेक पुराने मसलों को एक बार में ही खत्म करने के लिए प्रदेश सरकार वन टाइम स्कीम के अंतर्गत प्रदेशवासियों को बड़ी राहत देगी। प्रदेश में व्यापारियों को स्वच्छ व डर रहित माहौल देने का काम हमने किया है। पूर्व की सरकारों में व्यापारियों से फिरौतियां मांगी जाती थीं, उन्हें डराया-धमकाया जाता था और जेलों से उनके लिए आदेश आते थे। इन सब अपराधियों को सरकार में बैठे व्यक्तियों का संरक्षण प्राप्त होता था। वर्तमान सरकार ने यह सब बंद करवा दिया है। हमने व्यापार व उद्योग फले-फुले, ऐसा वातावरण व्यापारियों को दिया है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुविधा के लिए तथा उन्हें इंस्पेक्टरी राज से मुक्ति दिलाने के लिए पिछले साढ़े तीन साल में अनेक कार्य किए गए हैं।
अनेक व्यवस्थाओं को ऑनलाइन किया गया है। ई-टेंडरिंग व ई-असेसमेंट की सुविधा के अलावा व्यापारी ऑनलाइन अपील भी कर सकते हैं और उन्हें दफ्तरों के चक्कर काटने से निजात दिलवाई गई है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को सुविधाएं देने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित किया जाने वाला यह दूसरा सम्मेलन है जबकि इससे पहले शायद ही किसी सरकार ने व्यापारियों की मांगों पर विचार के लिए ऐसे सम्मेलन किए हों। उन्होंने व्यापारियों को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ की हड्डी बताते हुए इन्हें सरकार के लिए टैक्स संग्रह करने वाला महत्वपूर्ण स्रोत बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा को देश का मॉडल राज्य बनाया जाएगा जिसके लिए उन्होंने व्यापारियों से सहयोग का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि 2014 में जब भाजपा ने सत्ता संभाली थी तो प्रदेश ईज ऑफ डूइंग (उद्योग-धंधों की स्थापना में सहुलियतें देने के मामलों) में 14वें स्थान था जो 2016 में छठे स्थान पर पहुंचा। इस समय अप्रैल में फिर से इसकी रैंकिंग का कार्य चल रहा है जिसमें हम दूसरे स्थान पर पहुंच चुके हैं और जल्द ही हमारी नीतियों के चलते हम इस मामले में देश में पहले नंबर पर होंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बीबीसी (बदली, भर्ती और सीएलयू) की सरकार नहीं है बल्कि सबका साथ-सबका विकास तथा हरियाणा एक-हरियाणवी एक की भावना के साथ पूरे प्रदेश का समान विकास करने वाली सरकार है। वर्तमान सरकार ने हरियाणा को देश का पहला कैरोसिन मुक्त राज्य बनाया है। प्रदेश के हर घर में उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर पहुंचाया गया है।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



