हरियाणा के गुरुग्राम में बृहस्पतिवार की शाम एक बहुमंजिला आवासीय इमारत का एक हिस्सा गिर गया जिससे एक महिला की मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग मलबे में दबे हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। प्रारंभिक खबरों में कहा गया है कि किन्टेल्स पाराडिसो हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में छठी मंजिल के अपार्टमेंट के लिविंग रूम का फर्श सबसे पहले नीचे गिरा और इसके बाद उसके नीचे की छतें और फर्श नीचे गिर गए।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के दस्तों ने बचाव कार्य किया, सेक्टर 109 में हुयी इस घटना में पड़ोसी अपार्टमेंट और ब्लॉक के लोग जमा हो गये थे ।एक एलिवेटेड प्लेटफॉर्म के साथ अर्थ-मूविंग (मलबा हटाने में काम आने वाली मशीन) मशीन और एक दमकल वाहन तैनात किया गया था।
एक की मौत . घायल को अस्पताल भेजा
उपायुक्त निशांत यादव ने कहा कि एक व्यक्ति की मौत हो गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त एकता भारद्वाज के रूप में की गयी है। अधिकारी ने कहा कि एक व्यक्ति को मलबे से बाहर निकाला गया और उसे अस्पताल ले जाया गया। उसकी पहचान अरुण कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है। सूत्रों ने कहा कि उनकी पत्नी सुनीता श्रीवास्तव ने दम तोड़ दिया, जबकि अधिकारी ने कहा कि उनकी हालत गंभीर है।
सीएम मनोहर लाल खट्टर ने घटना को लेकर किया ट्वीट
इससे पहले, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने घटना के बारे में ट्वीट करते हुए कहा कि बचाव अभियान जारी है।उन्होंने कहा, ‘‘मैं व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर रहा हूं और सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि टावर डी का एक हिस्सा ढह गया । इस टावर को 2018 में बनाया गया था। परिसर में तीन अन्य टावर हैं। 18 मंजिला टावर डी में चार बेडरूम के अपार्टमेंट हैं।
आवास परिसर प्रबंधन ने शाम सात बजे के आसपास हुई इस बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए मरम्मत के दौरान लापरवाही को जिम्मेदार बताया ।


Download Android App
Download iOS App



