अंबाला में सिख समाज का प्रदर्शन, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले, जानें क्या है पूरा विवाद?

Summary :

Ambala Panjokhara Protest Tear Gas: अंबाला के पंजोखरा साहिब में गुरसिमरन सिंह मंड से मारपीट मामले में गिरफ्तार सिख युवाओं की रिहाई की मांग को लेकर सिख समाज ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने NH-44 को दोनों तरफ से जाम कर दिया। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। मौके पर तनाव बना हुआ है।

Ambala Panjokhara Protest Tear Gas: हरियाणा के अंबाला में पंजोखरा साहिब इलाके में गुरुवार को भारी हंगामा देखा गया। दरअसल, सिख संगत और पुलिस-प्रशासन के बीच चल रही बातचीत का कोई हल नहीं निकल सका। ऐसे में  बैठक के बाद  नाराज संगत ने विरोध जताते हुए नेशनल हाईवे-1 (NH-1) की ओर बढ़ना शुरू कर दिया। इससे इलाके में तनाव बढ़ गया और पुलिस-प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करनी पड़ी।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  पंजोखरा साहिब गुरुद्वारे में सिख संगत और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के बीच एक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में  गुरसिमरन सिंह मंड के साथ  मारपीट के मामले में कुछ सिख युवाओं की गिरफ्तारी पर चर्चा हुई। लेकिन, बातचीत के दौरान किसी समाधान पर सहमति नहीं बन पाई। बैठक खत्म होने के बाद संगत में नाराजगी बढ़ गई। बड़ी संख्या में लोग विरोध करते हुए अंबाला की ओर जाने वाले रास्ते पर आगे बढ़ने लगे। प्रदर्शनकारियों का रुख देखते हुए पुलिस पहले से ही अलर्ट  थी।

पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

प्रदर्शनकारियों को हाईवे तक पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस ने पंजोखरा से अंबाला जाने वाले रास्ते पर कई जगह बैरिकेड लगाए थे।  लेकिन, प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ने के साथ हालात बिगड़ने लगे। गुस्साई भीड़ ने रास्ते में लगाए गए कुछ बैरिकेड हटा दिए और आगे बढ़ने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव और बढ़ गया।

जब प्रदर्शनकारी नेशनल हाईवे-1 की तरफ बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। हालात को कंट्रोल करने के लिए  पुलिस ने बल प्रयोग किया। भीड़ को पीछे हटाने और तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। आंसू गैस छोड़े जाने के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।  लोगों को इधर-उधर भागते देखा गया। वहीं पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास करती रही।

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद पंजोखरा साहिब और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया है। अधिकारियों की ओर से हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि स्थिति दोबारा न बिगड़े। प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल कानून-व्यवस्था बनाए रखना और प्रदर्शनकारियों को हाईवे पर पहुंचने से रोकना है। वहीं, बैठक के विफल होने के बाद संगत में नाराजगी बनी हुई है। प्रशासन की ओर से आगे बातचीत के जरिए मामले को शांत करने की कोशिश की जा सकती है।

फिलहाल पंजोखरा इलाके में स्थिति तनावपूर्ण है, लेकिन पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। हाईवे की ओर जाने वाले रास्तों पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। फिलहाल प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर रास्ता खुलवाया जाए और इलाके में शांति व्यवस्था बनी रहे।

क्या है गुरसिमरन सिंह मंड पर हमले का मामला?

दरअसल, गुरसिमरन सिंह मंड 7 अगस्त को गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब पहुंचे थे। इसी दौरान वहां विवाद हो गया था। आरोप है कि मंड की गाड़ी से संगत के कुछ लोग टकरा गए, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई। इसके बाद भीड़ और कुछ निहंगों ने मंड को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। उनकी इनोवा गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर मंड को वहां से सुरक्षित निकाला। इस घटना में मंड समेत चार लोगों के घायल होने की बात सामने आई थी।

घटना के बाद गुरसिमरन सिंह मंड ने आरोप लगाया था कि भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेरकर तलवारों, लाठियों और ईंटों से हमला किया। हमले में गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए गए। मंड का दावा था कि उन्हें और उनके बेटे को बचाने पहुंचे हरियाणा पुलिस के तीन जवानों के साथ भी मारपीट की गई। मंड ने यह भी आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उन पर ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाने का दबाव बनाया। उनके मुताबिक, ऐसा करने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की गई और उनके दांत भी टूट गए।

यह भी पढ़ें: ₹271 करोड़ का पेंटहाउस खरीदकर छाए मानव सरदाना, गुरुग्राम में लग्जरी प्रॉपर्टी का बढ़ता जलवा

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।