पंजाब CM के बयान को अनिल विज ने बताया ‘गैरजिम्मेदाराना’, कहा-किसान आंदोलन के पीछे अमरिंदर का ही हाथ

Summary :

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के “किसानों के दिल्ली जाकर प्रदर्शन करना चाहिए” वाले बयान पर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने प्रतिक्रिया देते हुए भड़काऊ करार दिया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के “किसानों के दिल्ली जाकर प्रदर्शन करना चाहिए” वाले बयान पर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने प्रतिक्रिया देते हुए उनके बयान को भड़काऊ करार दिया है। अनिल विज कहा कि पंजाब मुख्यमंत्री यह बयान ‘‘गैरजिम्मेदाराना’’ है।
गृह मंत्री विज ने ट्वीट कर कहा, ‘‘पंजाब के मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा है कि आप जो भी करना चाहते हैं वह हरियाणा अथवा दिल्ली की सीमाओं पर करें न कि पंजाब में। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह का यह बयान बेहद गैरजिम्मेदाराना है।’’ उन्होंने कहा कि इससे यह साबित हो गया है कि अमरिंदर सिंह ने किसानों को भड़काने का काम किया है।


दरअसल, सोमवार को मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने किसानों से आग्रह किया कि वे केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब के बजाय दिल्ली की सीमाओं या हरियाणा में धरना-प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा, ‘‘मैं किसान भाइयों से कहना चाहता हूं कि यह आपका पंजाब है, आपके गांव हैं, आपके लोग हैं। आप दिल्ली (सीमा) पर जो करना चाहते हैं, वह करें, उनपर (केंद्र) दबाव बनाएं और उन्हें सहमत करें।’’ 

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘क्या आप जानते हैं कि पंजाब में भी 113 जगहों पर किसान बैठे हैं? इससे क्या लाभ होगा? पंजाब को आर्थिक नुकसान होगा। वे (अन्य किसान) इसे दिल्ली (सीमाओं) और हरियाणा में कर रहे हैं। आप भी इसे वहीं करें। अमरिंदर सिंह ने उम्मीद जताई कि किसान उनका अनुरोध स्वीकार करेंगे। मुख्यमंत्री ने शुरू में कृषि अध्यादेशों का समर्थन करने और बाद में किसानों के आक्रोश का सामना करने के बाद इस मुद्दे पर यू-टर्न लेने के लिए बादल परिवार की निंदा की।

Desk Team