बल्लभगढ़/फरीदाबाद : हरियाणा के बल्लभगढ़ में रविवार को पृथला विधानसभा सीट से बसपा द्वारा मैदान में उतारे गए सुरेंद्र वशिष्ठ के कार्यकर्ता सम्मेलन में माहौल तनावपूर्ण हो गया। वशिष्ठ की उम्मीदवारी का विरोध कर रहे लोगाें और समर्थकों में आज यहां जमकर लाठियां-डंडे चले। सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचे पार्टी के सांसद सतीशचंद्र मिश्रा को भी कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर भागना पड़ा। पुलिस ने मौके से पार्टी से निष्कासित गिरिराज जटौला के भाई को हिरासत में भी लिया है।
बहुजन समाज पार्टी की तरफ से पृथला विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित पार्टी के नेता सुरेंद्र वशिष्ठ रविवार को बल्लभगढ़ की अग्रवाल धर्मशाला में एक कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे थे। इस सम्मेलन में पार्टी के सांसद सतीश चंद्र मिश्रा भी शिरकत करने आए थे। कार्यक्रम के चलते यहां विरोधी गुट के लोग भी आन पहुंचे। दरअसल गिरिराज जटौला को पार्टी से निकाल दिया गया था और वह इस बात को लेकर नाराज चल रहे हैं। इतना ही नहीं वह वशिष्ठ को उम्मीदवार बनाए जाने का भी विरोध कर रहे हैं।
बताया जाता है कि जटौला के भाई और कुछ समर्थकों ने यहां वशिष्ठ विरोधी नारे लगाने शुरू कर दिए, जिसके बाद दोनों तरफ से खूब तनातनी हुई। बात यहां तक बढ़ गई कि सांसद सतीश चंद्र मिश्रा और पुलिस की मौजूदगी में बसपा कार्यकर्ताओं और पार्टी से निष्कासित गिरिराज जटौला के समर्थकों में जमकर लाठियां चली। पूरी झड़प में सुरेन्द्र वशिष्ठ के दो कार्यकर्ताओ को चोट आई है।
हालांकि किसी तरह पुलिस ने हालात पर काबू पाते हुए गिरिराज जटौला के भाई को हिरासत में लिया, तब कहीं जाकर माहौल थोड़ा हल्का हुआ। यह घटना मीडिया के वीडियो कैमरों में भी कैद हो चुकी है, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बड़ा चुटकियां लेकर देखा जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



