चंडीगढ़ : एक तरफ जहां हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 18 अगस्त को रोहतक में महापरिवर्तन रैली के आयोजन का ऐलान कर दिया है वहीं कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने इससे पल्ला झाड़ते हुए कहा है कि उन्हें अभी तक न तो रोहतक रैली की सूचना है और न ही चार अगस्त को होने वाली बैठक के बारे में पता है। कांग्रेस पार्टी की अधिकारिक बैठक पांच अगस्त को होगी जिसमें चुनावी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में अशोक तंवर ने रोहतक में होने वाली रैली के बारे में उनके पास कोई अधिकारिक सूचना नहीं है। इसके बारे में केवल सोशल मीडिया से ही पता चला है। तंवर ने चार अगस्त को भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा बुलाई गई बैठक से भी अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा अधिकारिक रूप से बैठक का आयोजन किया जाएगा जिसमें चुनावी रणनीति को फाइनल रूप दिया जाएगा। कांग्रेस विधायक कर्ण दलाल द्वारा महागठबंधन के मुद्दे पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अशोक तंवर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के प्लेटफार्म पर अभी तक महागठबंधन को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।
हुड्डा की परोक्ष रूप से इशारा करते हुए तंवर ने कहा कि जिन लोगों को महागठबंधन के नेता के रूप में प्रचारित किया जा रहा है इस बारे में वही स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं। तंवर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने स्तर पर विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ प्रदेश की सभी 90 सीटों पर चुनाव लडऩे में सक्षम हैं। इसके बावजूद भविष्य में राजनीतिक गठबंधन अथवा महागठबंधन को लेकर कोई भी फैसला हाईकमान द्वारा किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



