भारत राइस योजना घोटाला: पंजाब-हरियाणा में ED की छापेमारी, करोड़ों की जब्ती

Summary :

मनी लॉन्ड्रिंग जांच में ED की बड़ी छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय ने ‘भारत राइस योजना’ में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत पंजाब और हरियाणा में छापेमारी की। इस दौरान 2.02 करोड़ रुपए नकद और 1.12 करोड़ रुपए का सोना जब्त किया गया। योजना के तहत सस्ता चावल खरीदकर उसे ऊंची कीमत पर बेचने के आरोप में कई व्यक्तियों और कंपनियों की जांच जारी है।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गरीबों के लिए शुरू की गई ‘भारत राइस योजना’ के तहत वितरण और विक्रय में मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले में पंजाब और हरियाणा में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की है। ईडी ने रविवार को बताया कि उसके जालंधर जोनल ऑफिस ने 23 मई को यह कार्रवाई की। छापेमारी में कुल 2.02 करोड़ रुपए की नकदी और लगभग 1.12 करोड़ रुपए का सोना बरामद हुआ है। इसके अलावा कुछ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, कागजात और रिकॉर्ड भी बरामद और जब्त किए गए हैं। केंद्र सरकार ने गरीबों को सस्ते दाम पर जरूरी खाद्य वस्तुएं मुहैया कराने के लिए भारत ब्रांड की शुरुआत की है। इसके तहत चावल, आटा और अन्य जरूरी खाद्य पदार्थ सस्ती दरों पर मुहैया कराए जा रहे हैं, जिसके लिए सरकार सब्सिडी देती है।

पंजाब: अमृतसर में अकाली पार्षद की हत्या, पुलिस जांच में जुटी

केंद्रीय एजेंसी ने बताया कि उसने शिव शक्ति राइस मिल के मालिक गोपाल गोयल, जय जितेंद्र राइस मिल, हर्ष कुमार बंसल और अन्य के खिलाफ पंजाब पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की थी। जांच में पाया गया कि इन व्यक्तियों/कंपनियों ने ‘भारत राइस योजना’ के तहत गरीबों को किफायती दरों पर चावल उपलब्ध कराने के लिए संबंधित सरकारी एजेंसियों से सस्ता चावल खरीदा। इस चावल को आम लोगों को बेचने से पहले प्रोसेस करने, उसकी सफाई और पांच तथा 10 किलोग्राम के बैग में पैकिंग की जिम्मेदारी इन आरोपियों की थी।

जांच में पाया गया कि आरोपियों ने योजना के लिए सस्ती दर पर सरकार से प्राप्त चावल को दूसरी मिलों को ऊंची कीमतों पर बेच दिया या योजना से इतर अन्य व्यापारिक उद्देश्यों के लिए बेच दिया। ईडी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि मामले की आगे की जांच जारी है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.