करनाल : कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। प्रदेश की जनता भाजपा को सबक सिखा कर दम लेगी। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा में भाजपा का पत्ता पूरी तरह से साफ हो गया है क्योंकि अब तो खुद भाजपा के दिज्गज नेता चेहरे बदलने की बात कर रहे हैं। ऐसी खबरें आ रही हैं कि भाजपा हरियाणा में 80 से 90 प्रतिशत प्रत्याशियों के चेहरे बदलने जा रही है। इससे साफ है कि भाजपा ने हरियाणा में अपना जनाधार खो दिया है। करनाल में मटका फोड़ और ट्यूब तोड़ प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से बातचीत में अशोक तंवर ने कहा कि हरियाणा में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी क्योंकि भाजपा ने लोगों को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। प्रदेश के लोगों को अब यह महसूस होने लगा है कि केवल कांग्रेस ही लोगों का भला कर सकती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही हरियाणा से भाजपा का सफाया करेगी इसलिए उन्होंने अपने कार्यकत्र्ताओं से साफ-साफ कह दिया है कि इसी नवम्बर में लोकसभा के चुनावों की तैयारी हो रही है इसलिए कांग्रेस कार्यकत्र्ता पूरी तरह से तैयार हैं। पानी और बिजली के मुद्दे पर उठाए गए सवाल पर अशोक तंवर ने कहा कि भाजपा पहले दिल्ली को पानी दे रही थी और अब हरियाणा के हिस्से का पानी राजस्थान को भी भेजा जा रहा है। प्रदेश में किसान पानी के लिए तरस रहे हैं। कई इलाकों में पीने का पानी नहीं मिल रहा। बिजली की समस्या भी पूरी तरह से गंभीर बनी हुई है। इसलिए मटका फोड़ प्रदर्शन पूरे हरियाणा में जारी है।
कांग्रेस लगातार जनहित के मुद्दों को लेकर सडक़ों पर उतर रही है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री से सवाल किया कि भाजपा में 80 से 90 प्रतिशत चेहरे बदलने की बात जो सामने आ रही है, क्या वह खुद उनमें शामिल है। यह भी उन्हें स्पष्ट कर देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया कि जो विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र का विकास नहीं कर सकता वह भला प्रदेश का ख्याल क्या रखेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब तीसरे चरण में साईकिल यात्रा की शुरूआत सांपला से करेगी। यह साईकिल यात्रा लोगों को जागरूक करने तथा संगठन को मजबूत करने के इरादे से की जा रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि संगठन में जो मेहनत करेगा, वह आगे बढ़ेगा। हरियाणा की जनता का आशीर्वाद जिसे मिलेगा, हाईकमान उसे ही प्रदेश की जिम्मेवारी सौंपेगी। इससे पहले हरियाणा में भाजपा सरकार के शासनकाल में बिजली व पानी की समस्याओं के विरोध में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक तंवर के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षता में मटका फोड़ ट्यूब तोड़ प्रदर्शन किया गया।
इस प्रदर्शन में महिलाओं ने सिर पर मटकी उठा कर विरोध जताया यह प्रदर्शन पुरानी सब्जी मंडी से शुरू होकर शहर में कमेटी चौक मटके फोड़ व ट्यूब तोड़ कर समाप्त हुआ। इस अवसर पर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डा. सुनील पंवार, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित विभाग के चेयरमैन ज्ञान सहोता, पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादयान बिल्लू ,शेर प्रताप शेरी, कृष्ण शर्मा बसताड़ा, डा. खजान सिंह, सरवन कुमार, कुलवंत कलेर, प्रशांत अरोड़ा , विक्रमजीत सलारु, महिला नेत्री संतोष तेजलान, सरिता सरोहा, सुषमा नागपाल, पिछड़ा वर्ग हरयाणा के उपाध्यक्ष व करनाल के प्रभारी संतोष पांचाल, संतोष केरालिया, रेखा गुर्जर, नरेश संधू, मेहर सिंह राणा, मनोज बेगमपुर, सुखविंदर पाल सहित अन्य मौजूद रहे ।
– हरीश चावला


Download Android App
Download iOS App



