सरकार में अफसरशाही हुई पूरी तरह बेलगाम

Summary :

NULL

फरीदाबाद : तिगांव विधानसभा क्षेत्र के दर्जनभर गांवों में पिछले 10 दिनों से बिजली संकट गहरा गया है। गांवों के ट्यूबवैलों पर बिजली आपूर्ति न होने के कारण किसानों की फसलें भी पानी की कमी के चलते सूखने के कगार पर पहुंच गई है। बिजली की किल्लत को लेकर आज चांदपुर, अरुआ, फज्जूपुर, शाहजहांपुर, साहूपुरा, मोठूका, बहादुरपुर, ईमामुद्दीनपुर व कौराली गांवों के सैकड़ों लोग क्षेत्रीय कांग्रेसी विधायक ललित नागर के नेतृत्व में बदरौला स्थित पावर सब स्टेशन पर एसडीओ से मिलने पहुंचे।

बिजली विभाग की लचर कार्यशैली से क्षुब्ध किसानों ने श्री नागर को बताया कि वह दो-तीन दिन पहले भी एसडीओ महोदय से मिले थे और उन्होंने दो-तीन में समस्या के समाधान का आश्वासन उन्हें दिया था परंतु कई दिन बीतने के बावजूद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। विभाग द्वारा किसी प्रकार का कोई कदम नहीं उठाया गया। एसडीओ की अनुपस्थिति में विधायक ललित नागर ने तुरंत उन्हें फोन करके किसानों की इस समस्या से उन्हें अवगत करवाया।

उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिनों से उपरोक्त गांवों में ट्यूबवैलों पर बिजली आपूर्ति बाधित होने से इन किसानों की फसलें नष्ट होने के कगार पर पहुंच गई है व और ग्रामीणों के बार-बार शिकायतें करने के बावजूद विभाग द्वारा कोई कड़े कदम नहीं उठाए जा रहे है। एसडीओ अनिल सोलंकी ने श्री नागर को बताया कि गांव बहादुरपुर के पास लाईन टूटी पड़ी है, जिसके चलते इन गांवों में ट्यूबवैलों पर दी जाने वाली बिजली बाधित पड़ी है।

विभाग के कर्मचारियों की इस बाबत निर्देश दे दिए गए है, जल्द से जल्द तार को जोड़ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अफसरशाही पूरी तरह से बेलगाम हो चुकी है और अधिकारियों व कर्मचारियों की मनमानी का खमियाजा आम जनता को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने एसडीओ श्री सोलंकी को निर्देश दिए कि वह जल्द ही इस टूटे हुए तार को जुड़वाए या कोई और व्यवस्था करके उपरोक्त गांवों के ट्यूबवैलों तक बिजली आपूर्ति सुचारू करवाएं, अन्यथा वह ग्रामीणों को लेकर एससी कार्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन करने से भी गुरेज नहीं करेंगे। इस मौके पर मास्टर जसवंत, दानसिंह, सूरजपाल उर्फ भूरा, ठाकुर जगदीश, भगत सिंह पूर्व सरपंच, खुशहाल सिंह, राजेंद्र सिंह, कंचन सिंह, वेद पंडित, रुपेश मेम्बर, देवी सिंह मेम्बर सहित अनेकों ग्रामीण मौजूद थे।

– राकेश देव

Desk Team