पेशी पर आए आरोपियों पर हमले की साजिश नाकाम

Summary :

सीआईए टीम ने जुनाइल जस्टिस बोर्ड में पेशी पर आए दो युवकों पर हमला करने की फिराक में घूम रहे आधा दर्जन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

रेवाड़ी : सीआईए टीम ने जुनाइल जस्टिस बोर्ड में पेशी पर आए दो युवकों पर हमला करने की फिराक में घूम रहे आधा दर्जन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी से पहले बदमाशों ने सीआईए टीम पर भी गोली चलाई, लेकिन टीम ने बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान गोकलगढ़ निवासी अनुज, बेरली खुर्द निवासी शिव कुमार, नरबीर, बोडिय़ाकमालपुर निवासी योगेन्द्र, खलियावास निवासी अजय व बेरली खुर्द निवासी प्रद्युमन के रूप में हुई है।

शुक्रवार को सीआईए थाना में पत्रकारों को जानकारी देते हुए डीएसपी सतपाल ने बताया कि गांव गोकलगढ़ निवासी राहुल व नीरज हत्या के प्रयास के एक मामले में गुरूवार को मॉडल टाउन में शिव चैक के नजदीक स्थित जुनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेशी पर आए थे। नीरज पुलिस कस्टडी व राहुल जमानत पर चल रहा है। दोनों को दोपहर के समय पेश होना था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के अनुसार पुरानी रंजिश के चलते ही हमला करने प्लान तैयार किया और फिर बाइकों पर सवार होकर शिव चौक पहुंच गए।

इसी दौरान सीआईए इंस्पेक्टर प्रदीप को आरोपियों की सूचना मिल गई। सूचना के बाद सीआईए इंचार्ज ने एएसआई इन्द्रजीत के नेतृत्व में एक टीम गठित कर फौरन मौके पर रवाना की। टीम जैसे ही शिव चौक पर पहुंचकर आरोपियों को दबोचने का प्रयास किया तो बदमाशों ने सीआईए टीम पर ही फायर कर दिया। सीआईए के जवानों ने बहादुरी दिखाते हुए चार बदमाशों को मौके पर ही धर दबोचा, जबकि दो बदमाशों को कुछ देर बाद ही गिरफ्तार कर लिया। मामले में 6 बदमाश गिरफ्तार किए गए है।

हमला करने वाले पक्ष पर दूसरा पक्ष कर पहले कर चुका हमला : डीएसपी के अनुसार करीब दो माह पहले सदर थाना मे दर्ज हत्या के प्रयास के मामले मे गोकलगढ निवासी प्रवीण, महेश, विनोद व अन्य कुछ लोग गवाही के लिए कोर्ट मे आये थे। इसी दौरान राहुल, नीरज व मोहित बाइक पर सवार होकर आए और प्रवीण को गवाही देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए गोली चलाने की कोशिश की थी लेकिन किसी कारण वश गोली नहीं चली और मौके पर ही पब्लिक व पुलिस ने तीन आरोपी काबू कर लिए थे।

इस मामले में पुलिस ने गोकलगढ निवासी प्रवीण की शिकायत पर आरोपी नीरज, राहुल व मोहित के खिलाफ केस दर्ज किया था। राहुल व नीरज दोनों नाबालिग थे। जिसके चलते पकड़े जाने के बाद से उनकी पेशी जुनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष हो रही थी। नीरज अभी एक वारदात के चलते पुलिस कस्टडी में है तथा आरोपी राहुल जमानत पर चल रहा है। दोनों ही गुरूवार को भी कोर्ट में पेश थी। इस बात की जानकारी आरोपी प्रवीन को मिल गई।

प्रवीण ने रंजिश के चलते अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमले का प्लान तैयार किया और सभी शिव चौक पहुंच पर गए, लेकिन इससे पहले ही पुलिस को इसकी जानकारी मिल गई और सीआईए रेवाड़ी पुलिस ने समय रहते आरोपियों को काबू कर लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पिस्तौल, एक देशी कट्टा व तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए है। आरोपियों को आज अदालत मे पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है रिमांड के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जाएगी।

– शशि सैनी

Desk Team