शनिवार दोपहर चंडीगढ़ के सेक्टर 11 में एक मेडिकल स्टोर पर हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। दोपहर करीब 2:30 बजे, तीन नकाबपोश बदमाश स्कूटर और मोटरसाइकिल से मेडिकल स्टोर के बाहर पहुंचे। चश्मदीदों के मुताबिक, दो हमलावर नकाब पहनकर दुकान के अंदर घुसे, जबकि एक साथी बाहर पहरा दे रहा था। अंदर घुसते ही बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई और आरोपी कुछ ही मिनटों में मौके से फरार हो गए।
Chandigarh Crime News: 13 राउंड फायरिंग में कैशियर की मौत

हमलावरों ने कैशियर जानकी दास को निशाना बनाया और करीब 13 राउंड गोलियां चलाईं। खबरों के मुताबिक, इस घटना में ऑटोमैटिक हथियार का इस्तेमाल किया गया था। गंभीर रूप से घायल जानकी दास को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। वह मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू इलाके के रहने वाले थे। घटना के बाद मेडिकल स्टोर और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इस हत्या से स्थानीय लोग सदमे में हैं।
Medical Store Firing Case: पुलिस और फोरेंसिक टीमों ने जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलने पर चंडीगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। सेंट्रल फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (CFSL) की एक टीम भी मौके पर पहुंची और सबूत इकट्ठा करना शुरू किया। कार्यवाहक SSP सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच से पुष्टि हुई है कि करीब 13 राउंड फायरिंग हुई थी। फिलहाल, पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है। अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है कि दुकान के मालिक या कर्मचारियों को पहले कोई धमकी मिली थी या नहीं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।






















