रेवाड़ी : लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी सुप्रीमो व कुरुक्षेत्र से सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल का चैप्टर अब पूरी तरह से खत्म हो चुका है। इसका हाल तो यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव वाली पार्टी से भी बुरा होगा। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश चौटाला की झोंपड़ी में ताश खेलने वाले एक व्यक्ति की कमी है, जो शीघ्र ही पूरी होने वाली है।
राजकुमार सैनी स्थानीय नई अनाज मंडी में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व सांसद के रेवाड़ी पहुंचने पर भारी संख्या में युवाओं ने मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ जोरदार स्वागत किया। जनसभा के दौरान विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने राजकुमार सैनी को गदा एवं तलवार भेंट कर तथा बड़ी फूलमाला के साथ जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस व इनेलो पर जमकर हमला बोला। जनसभा को संबोधित करते हुए लोसपा सुप्रीमो ने कहा कि इनेलो की लड़ाई कोई राजनीतिक स्टंट नहीं है, बल्कि इसकी रार का मतलब देवीलाल ट्रस्ट के माल पर युद्ध कहा जा सकता है। इनेलो का हाल तो उत्तर प्रदेश की मुलायम सिंह और अखिलेश वाली पार्टी से भी होने वाला है।
पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि वे जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे। उन्होंने कहा कि वे जिन लोगों की लड़ाई वे लड़ रहे हैं, वह अभी तक दूसरों की बैसाखी पर चलने के आदि रहे हैं। वहीं कमजोर तबके ने कभी अपने ऊपर भरोसा नहीं किया।
लेकिन अब वे उन्हें भरोसा दिला रहे हैं कि वे कमजोर नहीं हैं और उनकी बदौलत राज्य में परिवर्तन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब तक यह लोग अपने दम पर नहीं चलेंगे, तब तक दूसरे लोग इसी तरह इन्हें लूटकर खाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वह जनसंख्या पर नियंत्रण, राज्यसभा को समाप्त करने, एक परिवार एक रोजगार, मनरेगा को किसानों से जोडऩे समेत आम आदमी से जुड़े मुद्दों को समाधान करने के लिए अपनी पूरी ताकत के साथ जुटे हुए हैं।
– शशि सैनी


Download Android App
Download iOS App



