अम्बाला : सीएम मनोहर लाल ने अम्बाला जिला के गांव चौडमस्तपुर में 100 करोड रूपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और उदघाटन करने के उपरांत विधायक असीम गोयल द्वारा आयोजित जन विकास जन विश्वास रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार विकास और जन कल्याण के साथ-साथ किसानों से जुडे मुद्दों पर भी विशेष प्राथमिकता पर काम कर रही है।
उन्होने कहा कि सरकार ने किसानों की आय दोगुना करने की योजना पर तेजी से कार्य आरम्भ किया है और हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के माध्यम से अब खेतों को जाने वाले रास्तों को ईंटों के खडौंजे से पक्का करके किसानों को सुविधाजनक रास्ते उपलब्ध करवाने की योजना तैयार की है।
मनोहर लाल ने कहा कि इस वर्ष प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 25 किलोमीटर लंबे खेतों के रास्तों को खड़ंजे लगाकर पक्का किया जायेगा और आगामी वित्त वर्ष में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 100-100 किलोमीटर ऐसे रास्तों को पक्का करने की योजना बनाई है। मनोहर लाल ने कहा कि फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की गई है।
मनोहर लाल ने किसानों से आहवान किया कि वे इस योजना का लाभ उठाएं क्योंकि सरकार द्वारा दिये जाने वाले मुआवजे की तुलना में फसल का नुकसान होने पर बीमा कंपनियों के माध्यम से अधिक मुआवजा मिलता है। उन्होने इस मौके पर 78.94 लाख रूपये की राशि से अम्बाला शहर में बनने वाले लघु सचिवालय, अम्बाला शहर में 2.50 करोड रूपये की लागत से बनने वाले स्वर्ण जयंती पार्क का शिलान्यास किया।
उन्होने धार्मिक और एतिहासिक महत्व के गांव लखनौर साहिब में 37 करोड रूपये की लागत से बनने वाले माता गुजरी पशु चिकित्सा एवं पशुधन विकास सहायक महाविद्यालय का शिलान्यास भी किया। इस महाविद्यालय के लिए प्रथम चरण में 13.46 करोड रूपये की राशि उपलब्ध करवाई गई है और शेष राशि चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध होगी। उन्होने गांव चौडमस्तपुर में 5.90 करोड रूपये की लागत से बनाये गये सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के नये भवन का उदघाटन भी किया।
उन्होने इस मौके पर पौधारोपण करने के साथ-साथ विधायक असीम गोयल द्वारा तैयार किये गये चार वर्ष कार्यकाल के विकास पत्र का विमोचन भी किया। उन्होने कहा कि पूर्व सरकारों के कार्यकाल में सीएलयू, बदलियों, बिल्डर्ज को लाईसैंस देने सहित हर सरकारी कार्य में भ्रष्टाचार होता था जिस पर वर्तमान सरकार ने अंकुश लगाया है। उन्होने कहा कि एक निजी एंजैसी द्वारा करवाये गये सर्वे में प्रदेश में वर्ष 2014 में भ्रष्टाचार 51 प्रतिशत था जो जनवरी 2018 में मात्र 19 प्रतिशत दर्ज किया गया है।
(राजेन्द्र भारद्वाज)


Download Android App
Download iOS App



