फरीदाबाद: मीटर रिडिंग व बिल वितरण का काम किये बिना निजी कम्पनी को भुगतान करने से गुस्साये बिजली कर्मचारियों ने सर्कल कार्यालय पर प्रदर्शन किया और ठेके को रद्द करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान ऑल हरियाणा पॉवर कारपोरेशन वर्कर यूनियन का शिष्टमंडल ने सकसं के महासचिव सुभाष लाम्बा के नेतृत्व मे ठेका रद्द करने की मांग को लेकर निगम के ऑपरेशन डायरेक्टर व एसई से मुलाकात की। निदेशक ने शीघ्र मामला निगम के चैयरमेन के नोटिस में लाने व आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया । निदेशक ने अनुबंध की शर्तें अनुसार संतोषजनक काम न करने पर जुर्माना लगाने व बिना काम के दिये बिलों की जांच करने के आदेश निगम के एसई मुकेश गुप्ता को दिये ।
यूनियन ने चेतावनी दी कि अगर 15 दिन में ठेका रद्द नही हुआ और बिना काम के की गई पेमेंट की वसूली नही की तो सर्कल कार्यालय का घेराव किया जायेगा। इस अवसर पर पारित किये प्रस्ताव में सरकार पर कर्मचारियों की एकता तोडऩे का आरोप लगाते हुए सरकार को चेतावनी दी गई कि सरकार कर्मियों की मांगो का समाधान करे वरना तीखे आन्दोलन के लिए तैयार रहे । कर्मचारियों को संबोधित करते सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के महासचिव सुभाष लाम्बाए ऑल हरियाणा पॉवर कार्पोरेशन वर्कर यूनियन के उपाध्यक्ष सतपाल नरवत व केन्द्रीय कमेटी के सदस्य शब्बीर अहमद ने कहा की निगम प्रबंधक निगम में प्रयोग पर प्रयोग करते हुए निगम को प्रयोगशाला बना दिया है ।
उन्होने कहा की निजी कम्पनी ने बिना काम किये सभी कनेक्शन की रिडिंग व बिल वितरण दिखा कर बिल दे दिये है और पेमेंट के लिए दबाव बनाया जा रहा है । । प्रदर्शन को रोडवेज़ के नेता रामआसरे यादव, टूरिज्म के नेता डिगम्बर डागर, सीटू के नेता निरंतर पराशर व कामरेड शिव प्रसाद, यूनियन के नेता परमाल सिंह, रमेश चन्द तेवतियां, करतार सिंह, जगन सिंह, सतपाल राणा, कृष्ण चंद, फूलमन सिंह, सुरेन्द्र शर्मा, गिरिश चंद आदि ने संबोधित किया ।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अख़बार।
– राकेश देव


Download Android App
Download iOS App



