जननायक जनता पार्टी (जजपा) के नेता और पूर्व सांसद दुष्यंत चौटाला ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखकर दावा किया है कि उनकी जान को खतरा है और उन्हें तथा उनके परिवार के सदस्यों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाये। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा को भेजे एक पत्र में कहा, ‘‘कल, जब मैं एक राजनीतिक कार्यक्रम में व्यस्त था, तो मेरे सहायक ने मेरे सेल नंबर पर आये एक फोन को सुना।
दूसरी तरफ के व्यक्ति ने अपना नाम पवन बताया और कहा कि वह दुबई से फोन कर रहा है।’’ चौटाला ने पत्र में लिखा, ‘‘उन्होंने मेरे सहायक के साथ धमकी भरे अंदाज में बात की और मुझे चुनावी रैलियों में ज्यादा न बोलने की सलाह देने को कहा नहीं तो मुझे गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
उन्होंने मेरे सहायक को बताया कि वह ‘पाब्लो एस्कोबार’ के नाम से संचालित गिरोह से संबंधित है।’’ उन्होंने पत्र में लिखा कि इसके बाद उस व्यक्ति ने फोट काट दिया। पत्र की प्रति गृह मंत्रालय के सचिव अजय कुमार भल्ला, हरियाणा के गृह सचिव नवराज संधू, राज्य के डीजीपी मनोज यादव और एडीजीपी-सीआईडी, (हरियाणा) अनिल राव को भी भेजी गई है। चौटाला ने उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाये जाने की मांग की। इस बीच उचाना के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दलीप सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



