रेवाड़ी : स्थानीय मोती चौक स्थित खुराना गारमेंट्स शोरूम में आज सुबह अचानक ही भीषण आग लग गई। शोरूम की तीसरी मंजिल पर आग तेजी से भड़की। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की एक के बाद एक आठ गाडियां मौके पर पहुंची। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आगजनी की इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग का कारण शार्ट सर्किट को माना जा रहा है।
मोती चौक स्थित खुराना गारमेंट्स की तीसरी मंजिल से सुबह करीब साढ़े नौ बजे आग की लपटें उठने लगी। आग काफी तेजी से फैली और बढ़ती चली गई। आस-पास के दुकानदारों ने आग की लपटों को देखा, तो तुरंत ही गारमेंट्स दुकान के मालिक भारत भूषण खुराना को इसकी जानकारी दी। जानकारी मिलते ही दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाडय़ांं मौके पर पहुंची।
दमकल विभाग की गाडिय़ों ने आगे से व पीछे की तरफ से भी आग को बुझाना शुरू कर दिया। शोरूम चूंकि चारों तरफ से बंद था इसलिए आग को बुझाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। शोरूम के आगे बने लकड़ी के हिस्से को भी तोडऩा पड़ा। करीब पांच घंटे तक दमकल विभाग की टीमें आग पर काबू पाने में लगी रही। 5 घंटे तक यह सिलसिला चलता रहा तथा दोपहर करीब ढ़ाई बजे आग पर काबू पाया जा सका। आगजनी की इस घटना के पीछे का कारण शार्ट सर्किट को माना जा रहा है। तीसरी मंजिल पर रखा कपड़ों का स्टाक पूरी तरह से जल गया। घटना में करीब 50 लाख का नुकसान बताया जा रहा है। फिलहाल दुकानदार की तरफ से नुकसान का कोई आंकलन नहीं दिया गया है। आगजनी की घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास व जिलाध्यक्ष योगेंद्र पालीवाल सहित जिला प्रशासन के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
-शशि सैनी


Download Android App
Download iOS App



