हिसार एयरपोर्ट से पहली उड़ान, जनता ने PM मोदी का आभार जताया

Summary :

हिसार से अयोध्या की पहली उड़ान, जनता में उत्साह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिसार के महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे से हवाई सेवाओं का शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर अयोध्या के लिए पहली उड़ान रवाना हुई। हजारों लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए और पीएम मोदी का आभार जताया। हिसारवासियों के लिए यह क्षण बेहद भावुक और गौरवपूर्ण रहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे से हवाई सेवाओं का शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर हिसार से अयोध्या के लिए पहली उड़ान रवाना हुई। यह हरियाणा के लोगों के लिए एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है। इस कार्यक्रम में हरियाणा के कोने-कोने से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। जनसमूह का उत्साह देखते ही बनता था। गर्म धूप और तपती जमीन के बावजूद लोग पूरे जोश के साथ प्रधानमंत्री का भाषण सुनते रहे। आयोजन में पेयजल, भोजन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। हिसारवासियों के लिए यह क्षण बेहद भावुक और गौरवपूर्ण रहा। कई स्थानीय नागरिकों ने कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि हिसार से कभी हवाई यात्रा शुरू होगी, लेकिन आज वह सपना हकीकत बन गया है।

हिसार-अयोध्या फ्लाइट को PM मोदी ने दिखाई हरी झंडी, हरियाणा के विकास को नई ऊंचाई

कार्यक्रम में पहुंचे स्थानीय निवासी जय भगवान लाडवाल ने कहा, “ऐसा लग रहा था मानो पूरा हरियाणा, हिसार में इकट्ठा हो गया हो। सिरसा, नूंह, भिवानी, रोहतक समेत हर जिले से लोग आए थे। पीएम मोदी ने देश में सात अजूबों जैसे काम किए हैं। जैसे गुजरात में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’, जम्मू-कश्मीर में दुनिया की सबसे ऊंचाई पर बनी रेलवे लाइन और अब हिसार से हवाई सेवा की शुरुआत। पीएम मोदी को अपने परिवार से ज्यादा देश प्रिय है।”

वहीं हास्य कवि नरेश कुमार जांगड़ ने कहा, “यह रैली अपने आप में ऐतिहासिक थी। इतने बड़े स्तर पर भीड़ और ऐसा अनुशासन बहुत ही कम देखने को मिलता है। कभी नहीं सोचा था कि हिसार से एयरप्लेन भी उड़ान भरेगा। यह सब प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता और समर्पण का नतीजा है।”

स्थानीय नागरिकों ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में पारदर्शी और योग्यताओं पर आधारित भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई है। लोगों ने बताया कि जहां पहले कांग्रेस सरकार में पैसे और सिफारिश से नौकरी मिलती थी, वहीं अब बिना खर्ची-पर्ची के गरीबों के होनहार बच्चे सरकारी नौकरी पा रहे हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.