रोहतक : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा में स्वच्छ छवि वाले सभी नेताओं का स्वागत है। जब भी कोई नेता भाजपा में शामिल होता है, तो सबसे पहले उसके बैकग्राउंड का पता किया जाता है। भाजपा के इस मानक पर अगर नेता खरा उतरता है। तभी उसे पार्टी में शामिल कराया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है। जिसका एक मात्र उद्देश्य देश व समाज की सेवा है।
उन्होंने तंवर को लेकर कहा कि इस बारे में तंवर ही अच्छी तरह बताएंगे कि उनसे किसने सम्पर्क किया, हमारी तरफ से ऐसी कोई बात नहीं। कांग्रेस में ये कोई नई बात नहीं है, ये तो कांग्रेस की फितरत है वहां चार लोग इक्कठे होकर नहीं चल सकते। प्रदेश तो क्या उनके केंद्रीय नेतृत्व में भी यही हाल है। ये खानदानी पार्टी है, वंशवाद है, इसीलिए ये हाल आज कांग्रेस का है। रविवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में तीन पूर्व विधायकों सहित कई अन्य लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
मुख्यमंत्री ने सभी को तिलियार पर्यटक स्थल पर आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल कराया। उन्होंने कहा कि भाजपा विधानसभा चुनाव में अबकी बार 75 पार का लक्ष्य प्राप्त करेगी। पूरे प्रदेश में जनता का आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी को प्राप्त हो रहा है। भाजपा के प्रत्याशियों को आशीर्वाद देने के लिए जनता का सैलाब उमड़ रहा है। सीएम ने कहा कि टिकट कटने से कहीं भी नाराजगी नहीं है।
लगभग एक दर्जन विधायकों को दोबारा टिकट नहीं दिया गया है। इनमें भाजपा व दूसरे दलों से भाजपा में शामिल हुए विधायक शामिल हैं। लेकिन कहीं पर भी नाराजगी का स्वर सुनाई नहीं दे रहा है। भाजपा एक अनुशासित पार्टी है।भाजपा के कार्यकर्ता अनुशासन में रहते हैं। दो जगहों पर कुछ बातें सामने आई हैं। उनको समय रहते सुलझा लिया जायेगा।


Download Android App
Download iOS App



