हरियाणा के रोहतक में जिले के लघु सचिवालय के बाहर एक सब इंस्पेक्टर और लड़की की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर बाइक पर सवार थे। रोहतक के एसपी जशनदीप सिहं ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत होता है। इस घटना के पीछे लड़की के घरवालों का हाथ होने की आशंका है। मृतक युवती रोहतक के हिसार रोड की रहने वाली थी। उसने घर से भागकर सिंहपुरा निवासी समीन उर्फ सोमी के साथ लव मैरिज की थी।
युवती नाबालिग थी, जिसके चलते उससे शादी करने वाला युवक जेल में बंद है। वहीं नाबालिग होने के चलते युवती को नारी निकेतन में भेजा गया था। करनाल से युवती सब इंस्पेक्टर के साथ गवाही के लिए रोहतक आई थी। बुधवार को इसी मामले की सुनवाई थी। करनाल के सब इंस्पेक्टर नरेंद्र, नारी निकेतन से लड़की को रोहतक कोर्ट लेकर पहुंचे थे। तभी लघु सचिवालय के बाहर नरेंद्र और लड़की पर फायरिंग हो गई। इस फायरिंग में नरेंद्र को तीन गोली लगी, जबकि लड़की को 2 गोलियां लगी।
दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि युवती की लव मैरिज से उसके परिजन नाराज़ थे। मृतक युवती के पिता पर ही हत्या का आरोप लगा है। दरअसल , बुधवार को अपने जन्मतिथि को लेकर लड़की रोहतक कोर्ट के समक्ष पेश हुई, जहां एक पुलिस सब इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार और एक महिला पुलिस उसके साथ थे। जब वे दोपहर के बाद वापस लौटने लगे, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने मिनी सचिवालय गेट के पास लड़की और साथ में चल रहे पुलिस सब इंस्पेक्टर को गोली मार दी। वहीं महिला सिपाही बाल-बाल बच गई। दोनों को तत्काल रोहतक के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


Download Android App
Download iOS App



