करनाल : सफाई कर्मचारियों को पेरोल पर रखने की मांग को लेकर नगरपालिका कर्मचारी संघ आंदोलनरत है। सरकार द्वारा वादा किए जाने के बाद भी कर्मचारियों को अभी तक पेरोल पर नहीं रखा गया, जिससे रोषजदा कर्मचारी तीन दिनों से रोज नगर निगम में गेट मीटिंग कर रहे हैं। शुक्रवार को मीटिंग की अध्यक्षता इकाई प्रधान वीरभान बिडलान ने की व संचालन इकाई सचिव राजकुमार ढिल्लोड़ ने किया।
वीरभान व राजकुमार ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की अनदेखी करना बंद करे। सफाई कर्मचारी स्वच्छता अभियान में पूरा सहयोग कर रहा है। कर्मचारी अपना काम ईमानदारी से करते हैं। उन्होंने कहा कि दो और तीन दिसंबर को शहर में झाडू़ प्रदर्शन किया जाएगा। चार दिसंबर को कर्मचारी सामुहिक अवकाश लेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार अपने वादे के अनुसार सफाई कर्मचारियों को पेरोल पर ले।
बार-बार वादाखिलाफी की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में रोष पनपता जा रहा है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि बिजली विभाग नगर निगम के कर्मचारी पवन कुमार, गुरमेश हेल्पर, बलदेव ड्राइवर के साथ वार्ड नंबर चार पार्षद नीलम नोतना के पति व देवर ने हाथापाई व गालीगलौच किया। इन कर्मचारियों ने तुरंत नगर निगम सहायक अभियंता को भी सूचना दी, लेकिन प्रशासन ने कोई सुनवाई नहीं की। संघ की मांग है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।


Download Android App
Download iOS App



