मुझे रिहा करने से डर रही है सरकार : चौटाला

Summary :

इनेलो सुप्रीमों ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि बेरोजगारी राष्ट्र के लिए घातक है। भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार ने हर घर में एक रोजगार देने का झूठा वायदा कर सता हासिल की है।

रोहतक/जींद : इनेलो सुप्रीमों ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि बेरोजगारी राष्ट्र के लिए घातक है। भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार ने हर घर में एक रोजगार देने का झूठा वायदा कर सता हासिल की है। आज पढ़े लिखे युवा बेरोजगार घुम रहे है, लेकिन वह जो कहते है करके दिखाते है और यह सभी लोग जानते है कि वे नौकरियां देकर जेल की सजा काट कर रहे है। चौटाला ने कहा कि जल्द ही भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार पतन होकर प्रदेश में मध्यावधि चुनाव होगे और इनेलो की सरकार बनेगी। इसके बाद वे बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएंगे, चाहे इसके लिए उन्हें फांसी की सजा ही क्यों न मिले। 
साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि एक षडयंत्र के तहत उन्हें जेल भेजा गया है, क्योकि कांग्रेस इनेलो की बढती लोकप्रियता से घबरा गई थी और अब इसी डर के चलते उन्हें जेल से रिहा नहीं किया जा रहा है। पूर्व सीएम ने कहा कि उनकी सजा पूरी हो चुकी है और जेल मैन्युअल के अनुसार भी साठ साल से अधिक बुजुर्ग एवं दिव्यांग व्यक्ति को जेल में नहीं रखा जाता है। सोमवार को इनेलो सुप्रीमों ओमप्रकाश चौटाला दिल्ली बाईपास स्थित प्रभात वाटिका में कार्यकत्र्ताओं को संबोधित कर रहे थे। 
उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र में संगठन मजबूत के बाद सता परिवर्तन निश्चित है। चौटाला ने कहा कि प्रदेश में तीन पार्टियां ही सक्रिय है, लेकिन भाजपा व कांग्रेस ने इनेलो को खत्म करने के लिए एक षडयंत्र रचा, लेकिन इनेलो मजबूती के साथ उभरी है। उन्होंने कहा कि पाडवों ने 12 साल और श्रीराम ने 14 साल बनवास काटा, जबकि इनेलो ने 15 साल का बनवास काटा है और अब वनवास खत्म हो चुका है। चौटाला ने कहा कि जींद  के लोगों ने इनेलो का हमेशा साथ दिया है। इस धरा के लोगों को चौधरी देवीलाल की कर्मभूमि कहा जाता है। 
इसलिए इस धरा के लोग इनेलो संगठन को मजबूत करे और हम संघर्ष करके इस सरकार का पतन करने का काम करेंगे। प्रदेश में कभी भी मध्यावधि चुनाव हो सकते हैं। प्रदेश में जो हालात बने हैं, उससे ऐसा ही लगता है। वह सोमवार को जाट धर्मशाला में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर जिला इनेलो प्रधान रामफल कुंडू, महिला प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा देवी, जींद से पार्टी प्रत्याशी रहे बिजेन्द्र रेढू, लखविन्द्र चहल सहित दर्जनों नेता मौजूद थे।

Desk Team