पिछले कई दिनों से दिल्ली एनसीआर में तेज से मध्यम बारिश हो रही है। इसी बीच मंगलवार को दिल्ली से सटे गुरुग्राम में तेज बारिश से बड़ा हादसा टल गया। शहर के IFFCO चौक के पास दिल्ली-जयपुर हाईवे के किनारे रोड का एक हिस्सा अचानक कुंआ बन गया। जिससे लगभग 10 फीट चौड़ा और 15 फीट गहरा गड्ढा बन गया। इस घटना का कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना से आस-पास के लोगों में अफरातफरी शुरू हो गई। राहत की बात है कि इस हादसे से किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। प्रशासन ने तुरंत प्रभावित इलाके की घेराबंदी कर रुट डाइवर्ट कर दिया।
सीवर लाइन में लीकेज के कारण हादसा?

शुरुआती जांच से पता चलता है कि सड़क धंसने की असली वजह सीवर लाइन में लीकेज हो सकती है। यह भी दावा किया जा रहा है कि गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMDA) की सीवर लाइन से पानी रिसने की वजह से मिट्टी ढीली हो गई और धीरे-धीरे धंसने लगी। स्थिति का जायजा लेने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) और GMDA की टीमें मौके पर आई। सुरक्षा को देखते हुए सर्विस रोड को बंद कर दिया गया है और ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया है। पानी निकालने के लिए कई पंप लगाए गए हैं और मरम्मत का काम भी शुरू कर दिया गया है।
बारिश के बाद सड़क की स्थिति बेहाल
बता दें कि गुरुग्राम में ऐसा पहली बार नहीं हुआ है; शहर के कई हिस्सों में थोड़ी सी बारिश होने पर भी अक्सर जलभराव हो जाता है। सुभाष चौक, गोल्फ कोर्स रोड, सोहना रोड, साउथ सिटी-1, DLF फेज-3, आर्डी सिटी और MG रोड सहित कई क्षेत्रों में ट्रैफिक बदहाल हो जाता है और कई जगहों पर गाड़ियां घंटों सड़क पर रेंगती रहती है। सड़क धंसने की घटना ने एक बार फिर प्रशासन और सरकार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यहां के निवासी ज्यादा टैक्स देते हैं, फिर भी उन्हें ऐसी सुविधाएँ मिल रही हैं। इस बात को लेकर वे सरकार और प्रशासन से काफी नाराज हैं।


Download Android App
Download iOS App




