गुरुग्राम में बीच सड़क युवक की हत्या, 3 बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

Summary :

गुरुग्राम में गुरुवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक जब किसी काम से जा रहा था, तभी पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसका पीछा कर बीच रास्ते में रोक लिया और कई गोलियां चला दीं।

गुरुग्राम में गुरुवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक किसी काम से जा रहा था, इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार तीन लोगों ने उसका पीछा किया और उसे बीच रास्ते में रोक लिया। इसके बाद तीनों ने युवक पर कई गोलियां चला दीं। गोली लगने के बाद युवक सड़क पर गिर गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गए।

पेट से सटाकर मारी गोलियां

यह वारदात गुरुग्राम सेक्टर 9 थाना क्षेत्र के एनके फैक्ट्री के पास बसई रोड पर हुई। सुबह के समय महेंद्र अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी पीछे से बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उसे रोका और पिस्टल पेट से सटाकर कई गोलियां मार दी। इसके बाद महेंद्र अपने बाइक से नीचे गिर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया और जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और महेंद्र को उठाकर सेक्टर-10 के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों से उसे मृत घोषित कर दिया।

पुरानी रंजिश के चलते हत्या!

मृतक के छोटे बेटे साहिल ने पुलिस को बताया कि जनवरी 2025 में एक युवक की हत्या हुई थी, जिसमें उसका बड़ा भाई प्रियांशु भी आरोपी था और फिलहाल जेल में बंद है। परिवार को शक है कि उसी पुरानी रंजिश के चलते उनके पिता महेंद्र की हत्या की गई है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। सेक्टर-9 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच हमलावरों की पहचान और हत्या की वजह पता लगाने में जुटी है। इसके लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।