पानीपत : पावटी की रहने वाली हरियाणवी कलाकार सोनिका सिंह के छोटे भाई 21 वर्षीय रवि की तलवारों से काटकर हत्या कर दी गई। बीच बचाव करने आया साथी अनिल घायल हो गया। आरोप है कि हत्या करीब डेढ़ साल पहले हुई कहासुनी की रंजिश में की गई। वारदात के समय रवि होली के चलते गली में बज रहे डीजे पर गया हुआ था। हत्यारोपितों की गिरफ्तारी को लेकर परिजनों ने हथवाला रोड के सामने नेशनल हाईवे पर शव को रखकर जाम लगा दिया।
करीब 15 मिनट बाद पुलिस अधिकारियों ने मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी का विश्वास दिलाया, तब वे सड़क से उठे। बाद में पुलिस बल की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के भाई रिंकू पुत्र वेदप्रकाश ने पुलिस शिकायत में बताया कि वह 12वीं पास है। उसका छोटा भाई रवि दिल्ली में पढ़ता था। होली पर घर आया हुआ था। उसने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले रवि का गांव के ही मनदीप उर्फ रंगीला के साथ झगड़ा हो गया। बाद में पंचायत में समझौता हो गया था।
होली के दिन गांव में कुछ लड़के डीजे पर नाच रहे थे। उसका भाई रवि भी उनको देखने के लिए चला गया, तभी मनदीप व उसके साथियों ने तलवारों से उस पर हमला कर दिया। अनिल पुत्र सुखबीर बचाने के लिए आया तो उसे भी तलवार से वार कर घायल कर दिया। दोनों युवकों को घायल अवस्था में परिजन स्थानीय अस्पताल ले गए।
जहां से डाक्टर ने पानीपत रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही रवि ने दम तोड़ दिया। रिंकू का कहना है कि कृष्ण बैरागी के कहने पर मनदीप, रवि उर्फ गुद्दर, प्रवीन उर्फ मोनी, विजयपाल उर्फ टिंकू ने उसके भाई की हत्या की है। पुलिस ने मामले में रिंकू के बयान पर पांच लोगों के खिलाफ साजिश के तहत हत्या का केस दर्ज कर लिया है।


Download Android App
Download iOS App



