देशभर में कोरोना वायरस का कहर अभी भी रकरार है, पूरे देश में कोरोना के नए मामले रोज़ाना सामने आ रहे हैं। इस बीच हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य सोमवार को कोविड-19 से संक्रमित पाए गए और उन्हें पंजाब में मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि 81 वर्षीय राज्यपाल सघन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती हैं।
अस्पताल के अधिकारी ने कहा, ‘‘उनकी हालत स्थिर है।’’ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एक ट्वीट में राज्यपाल के जल्द ठीक होने की कामना की। इससे पहले मुख्यमंत्री खट्टर, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, राज्य के कुछ मंत्री, हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता भी कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे और बाद में ठीक हो गए।

बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के 30,548 नये मामले सामने आने से इसके संक्रमितों की संख्या 88.45 लाख हो गयी है, वहीं सक्रिय मामले 13,738 कम होकर 4,65,478 हो गये। इस अवधि में 43,851 लोग स्वस्थ हुए हैं जिससे इस महामारी को मात देने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 82.49 लाख से अधिक हो गई है।
इस दौरान 435 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1,30,070 हो गया है। देश में स्वस्थ होने वालों की दर बढ़कर 93.27, सक्रिय मामलों की दर घटकर 5.26 फीसदी और मृत्यु दर घटकर 1.47 रह गयी है।


Download Android App
Download iOS App



