चंडीगढ : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर के समर्थक अपने-अपने खेमों की यात्राओं की तैयारियों में जुट गए हैं। हुड्डा ने अपनी रथयात्रा की जिम्मेदारी कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौकर को सौंपी है, जबकि तंवर ने साइकिल यात्रा के लिए बैठकों का सिलसिला तेज कर दिया है।
हुड्डा अपने निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक 25 फरवरी को पलवल जिले के होडल से रथयात्रा की शुरुआत करेंगे। फरीदाबाद व पलवल साथ लगते जिले हैं। हुड्डा के पैर में फ्रैक्चर हो गया था। वे व्हील चेयर पर होडल की जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा से रथयात्रा का आगाज हो जाएगा। फिर विधानसभा का बजट सत्र खत्म होने के बाद 15 मार्च से हुड्डा का रथ आगे बढ़ेगा।
हुड्डा के करीबी पूर्व विधायक धर्म सिंह छौकर ने रथयात्रा की तैयारियों को लेकर बुधवार को फरीदाबाद के सर्किट हाउस में प्रमुख नेताओं, पदाधिकारियों, विधायकों, पूर्व विधायकों तथा पूर्व उम्मीदवारों की अहम बैठक बुलाई है। पलवल में कांग्रेस विधायक कर्ण सिंह दलाल तैयारी कर रहे हैं। छौकर के अनुसार फिलहाल चूंकि यात्रा फरीदाबाद-पलवल क्षेत्र की होगी, इसलिए यहां के प्रमुख कार्यकर्ताओं को बुलाया है।
दूसरी तरफ हरियाणा कांग्रेस के कोषाध्यक्ष एवं तंवर के करीबी तरुण भंडारी ने बताया कि पांच मार्च की साइकिल यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठकों का सिलसिला जारी है। प्रदेश अध्यक्ष खुद बैठकें ले रहे हैं। पांच मार्च को कालका से यात्रा शुरू होगी। उन्होंने इस बात की संभावना जताई कि पांच मार्च को बजट सत्र के पहले दिन हरियाणा कांग्रेस की ओर से विधानसभा घेराव का कार्यक्रम निर्धारित किया जा सकता है।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



