जींद : सूबे के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भारतवर्ष आध्यात्मिक महत्व व तीर्थ स्थलों का देश है और हरियाणा भी इसमें पीछे नहीं है। कुरूक्षेत्र की पावन धरा पर भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन को लड़ाई के साथ-साथ गीता की पढ़ाई का संदेश दिया। महाभारत का युद्ध धर्म व न्याय के लिए था। इसलिए समाज, देश व प्रांत में सब ठीक होना चाहिए। प्रदेश खुशहाल हो और सत्यवादी लोगों का हो, न्याय के लिए होना चाहिए। गलत को गलत कहने का संकल्प हर व्यक्ति को लेना चाहिए चाहे वह उसके स्वयं के परिवार से क्यों न हों। अगर कोई उनके बीच बहकाने के लिए आएं तो पहले उनसे ही सवाल जवाब कर लेना।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ये वक्तव्य शनिवार को जींद जिले के 9 तीर्थ स्थलों का दौरा करने के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहे। मुख्यमंत्री नेे गांव आसन्न के अश्वनी तीर्थ, बराह कलां, पांडू पिंडारा, भूतेश्वर तीर्थ, वंशमूलक तीर्थ बरसोला, ईक्कस के एक हंस तीर्थ, रामराय तथा पोंकरी खेड़ी गांव स्थित पुष्कर तीर्थ का दौरा किया। जिस तीर्थ पर पहुंचकर दुर्योधन ने किसी जमाने में 21 दिन तालाब में बिताएं थे, उस ईक्कस गांव के तीर्थ पर आयोजक समिति के अध्यक्ष एवं अनाज मंडी के जिला प्रधान मास्टर नरेंद्र गोगल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में उमड़ी लोगों की भीड़ ने मुख्यमंत्री का पगड़ी पहनाकर सम्मान किया। मास्टर नरेंद्र गोगल ने मुख्यमंत्री को पगड़ी पहनाने के साथ-साथ तीर्थ के इतिहास के बारे में बताया।
जींद उपचुनाव का स्थगन, भाजपा का हार से चिंतित होना ही मुख्य कारण : तंवर
मनोहर लाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यक्रम राजनीतिज्ञ नहीं है, किंतु जिस तरह से सामने बैठे लोगों का जोश दिखाई दे रहा है, उसके लिहाज से यह बात साफ हो गई है कि वे तीर्थों के विकास में सरकार के साथ रचनात्मक भूमिका निभाने को तैयार है। उन्होंने मास्टर गोगल के साथ-साथ ग्राम पंचायत की पीठ थपथपाते हुए अपने संबोधन में गीता के कर्म संदेश को विस्तार से बताते हुए धर्मक्षेत्र कुरूक्षेत्र की 48 कोस परिधि में पडऩे वाले तीर्थों का जीर्णोद्धार करने के लिए सरकार की सोच को बड़ा प्रयास बताया। इस दौरान उन्होंने ईक्कस तीर्थ के विकास के लिए 2 करोड़ की राशि देने की घोषणा की। इससे पहले बरसोला स्थित वंशमूलक तीर्थ पर पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह बरवाला की पैरवी पर 2 करोड़ की विकास राशि घोषणा के साथ-साथ अन्य मांगों को भी लोगों की भारी भीड़ में पूरा करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने तीर्थ पांडू पिंडारा में 18 करोड़ रूपए की अनुमानित लागत से पूरी की जाने वाली 13 विकास परियोजनाओं की आधारशिला व उद्घाटन किया।
– संजय शर्मा