घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़, दी धमकी

Summary :

NULL

गुरूग्राम : शहर के सैक्टर-5 थाना एरिया अंतर्गत एक महिला के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। सैक्टर-5 थाना प्रभारी जितेंद्र राणा ने बताया कि परमिंदर नाम के व्यक्ति के खिलाफ महिला की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार कविता (बदला हुआ नाम) सैक्टर-5 थाना के शीतला कॉलोनी में रहती है। इसी कॉलोनी में परमिंदर नाम का व्यक्ति भी रहता है।

बताया जाता है कि आरोपी का महिला के साथ जान पहचान है और वह उसके घर आता जाता था। महिला ने अपनी शिकायत में बताया है कि रविवार को वह अपने घर में थी। इस बीच परमिंदर उसके घर किसी बहाने से आया। जब तक महिला कुछ समझ पाती, आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी मारपीट करने लगा। महिला के शोर मचाने पर वह उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। डरी हुई महिला ने इसकी शिकायत सैक्टर-5 थाना में दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने परमिंदर के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

– अजय तोमर

Desk Team