रेवाड़ी : रोहतक से कांग्रेसी सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले लोगों से अनेक वायदे करने वाली भाजपा सरकार ने पिछले चार साल में एक भी वायदा पूरा नहीं किया। जिसके चलते लोगों में सरकार के खिलाफ जबरदस्त रोष है। हाल ही में हुए उप चुनावों में भाजपा को मिली करारी हार यही साबित करती है। दीपेंद्र हुड्डा यहां मियां वाली पंचायत के समीप एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। पूर्व संसदीय सचिव राव दान सिंह, पूर्व मंत्री राव धर्मपाल, पूर्व मंत्री जसवंत बावल, राजेंद्र ठेकेदार सहित अनेक पार्टी नेता इस अवसर पर मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस नेता महावीर यादव मसानी, कमल सचदेवा नंबरदार व निम्मी नंबरदार द्वारा किया गया था।
कार्यक्रम के पश्चात दीपेंद्र हुड्डा ने नंबरदार के घर जलपान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पंजाबी बिरादरी के लोगों को देख दीपेंद्र हुड्डा खुश नजर आए। इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार साल पहले लोकसभा चुनाव के मौके पर रेवाड़ी में आयोजित रैली में अहीरवाल की जनता से अनेक वायदे किए थे, इसके अलावा भाजपा ने अनेक सब्ज-बाग दिखाकर लोगों को गुमराह कर वोट हासिल किए, लेकिन सरकार बनने के बाद अपने सभी वायदों से भाजपा मुकर गई। उन्होंने स्वामीनाथन आयोग को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि उस समय अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करने वाले भाजपाई आज किसानों की दुर्दशा को लेकर चुप्पी साधे हुए हैं।
स्वामीनाथन आयोग की मांगे लागू करने से भाजपा मुंह चुरा रही है। दीपेंद्र हुड्डा ने पेट्रोल की बढ़ती कीमतों, बेरोजगारी को लेकर भी केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आज लोग कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। रेवाड़ी के साथ लगते अलवर लोकसभा सीट पर कांग्रेस की जीत यह साबित करती है कि जनता ने बदलाव का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के हितों की लड़ाई लडऩे के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जनक्रांति यात्रा शुरु की है। 30 जून को पुन्हाना में होने वाली जनक्रांति यात्रा में भारी संख्या में लोगों से पहुंचने का आह्वान करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि यह रैली साबित कर देगी कि समूचे हरियाणा में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन गया है।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



